बिहार में शिक्षकों के लिए बड़ी खबर, शिक्षा मंत्री ने की अहम घोषणाएं

बिहार में शिक्षकों के लिए बड़ी खबर, शिक्षा मंत्री ने की अहम घोषणाएं

पटना। बिहार के शिक्षकों के लिए सोमवार को शिक्षा विभाग के सभागार से राहतभरी खबर आई। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर टीचर भर्ती परीक्षा (टीआरई-4) और एसटीईटी 2025 से जुड़ी कई अहम घोषणाएं कीं।

मंत्री ने बताया कि टीआरई-4 की वेकेंसी अगले 5 दिनों के भीतर बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) को भेज दी जाएगी, जिसके बाद बीपीएससी भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा। वहीं, एसटीईटी 2025 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 27 सितंबर रखी गई है। परीक्षा का आयोजन 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2025 तक होगा और रिजल्ट 16 नवंबर 2025 को जारी किया जाएगा।

तबादला प्रक्रिया पर भी मंत्री ने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 13 सितंबर तक कुल 41,689 शिक्षकों ने तबादले के लिए आवेदन किया, जिनमें से 24,600 शिक्षकों का स्थानांतरण उनके चुने गए तीन जिलों में से किसी एक में कर दिया गया है। लेकिन करीब 17,000 शिक्षकों को उनके दिए गए तीनों विकल्पों में से किसी जिले में स्थानांतरण नहीं मिल पाया।

इन 17,000 शिक्षकों को अब एक और मौका दिया जाएगा। वे 23 सितंबर से 28 सितंबर तक ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर तीन नए जिलों का विकल्प चुन सकते हैं। मंत्री सुनील कुमार ने दोहराया कि सरकार का उद्देश्य पूरी पारदर्शिता के साथ भर्ती और तबादला प्रक्रिया पूरी करना है, ताकि शिक्षकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और छात्रों की पढ़ाई भी बाधित न हो।

Views: 194

TOTAL VISITOR: 50219222