पटना में महागठबंधन की शक्ति प्रदर्शन: एकजुटता का संदेश, रणनीति पर हुई अहम चर्चा

पटना में महागठबंधन की शक्ति प्रदर्शन: एकजुटता का संदेश, रणनीति पर हुई अहम चर्चा

पटना, 23 अक्टूबर — बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन (इंडिया ब्लॉक) ने गुरुवार को राजधानी पटना में अपनी एकजुटता और चुनावी तैयारियों का प्रदर्शन करते हुए संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इस मंच पर आरजेडी के वरिष्ठ नेता तेजस्वी यादव, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत, भाकपा-माले के दीपांकर भट्टाचार्य, वीआईपी के मुकेश सहनी सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।

गहलोत-तेजस्वी की बंद कमरे में बैठक

प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत और आरजेडी के नेता तेजस्वी यादव के बीच होटल के एक बंद कमरे में मुलाकात हुई। सूत्रों के अनुसार, यह बातचीत सीट बंटवारे और चुनावी रणनीति के अंतिम चरण पर केंद्रित रही। राजनीतिक विश्लेषक इसे गठबंधन की दिशा तय करने वाली अहम बैठक मान रहे हैं।

गठबंधन में एकजुटता का दावा

बुधवार को गहलोत और कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव से मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद गहलोत ने दावा किया था कि “महागठबंधन पूरी तरह एकजुट है और सभी भ्रम गुरुवार को दूर कर दिए जाएंगे।”

कुछ सीटों पर ‘दोस्ताना मुकाबला’ जारी

हालांकि, महागठबंधन के भीतर कुछ सीटों पर ‘दोस्ताना मुकाबले’ की स्थिति बनी हुई है। बताया जा रहा है कि करीब एक दर्जन विधानसभा क्षेत्रों में सहयोगी दलों के उम्मीदवार आमने-सामने हैं। इस पर गहलोत ने कहा कि “यह कोई बड़ी बात नहीं है, 243 सीटों में से सिर्फ 5-7 सीटों पर स्थानीय समीकरणों की वजह से ऐसा हुआ है।”

राजनीतिक पर्यवेक्षकों के मुताबिक, इस संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए महागठबंधन ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि विपक्ष एकजुट है और बिहार में एनडीए के मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार है।

Views: 86

TOTAL VISITOR: 50180242