मुजफ्फरपुर में ‘डिजिटल गोल्ड’ के नाम पर 85 लाख की साइबर ठगी, सोशल मीडिया पर रचा गया इंदौरी हुस्न का जाल

मुजफ्फरपुर में ‘डिजिटल गोल्ड’ के नाम पर 85 लाख की साइबर ठगी, सोशल मीडिया पर रचा गया इंदौरी हुस्न का जाल

मुजफ्फरपुर में तेजी से बढ़ती सोने-चांदी की कीमतों ने जहां निवेशकों को आकर्षित किया है, वहीं साइबर ठगों के लिए यह एक नया मौका भी बन गया है। शेयर बाजार के साथ-साथ डिजिटल गोल्ड में निवेश का सपना दिखाकर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें बिहार के दो कारोबारियों से करीब 85 लाख रुपये की ठगी कर ली गई।

भगवानपुर महेश्वर मार्केट से जुड़ा मामला

यह मामला मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत भगवानपुर महेश्वर मार्केट का है। यहां रहने वाले कारोबारी नीलय भारती और उनके मित्र श्याम बाबू सिंह साइबर ठगी के शिकार हो गए। आरोप है कि सोशल मीडिया के जरिए इंदौर की रहने वाली युवती समानता कश्यप ने डिजिटल गोल्ड में निवेश का झांसा देकर दोनों से मोटी रकम ऐंठ ली।

82 लाख एक से, 2 लाख दूसरे से उड़ाए

पीड़ितों के अनुसार, नीलय भारती से करीब 82.59 लाख रुपये, जबकि पताही निवासी श्याम बाबू सिंह से 2 लाख से अधिक रुपये की ठगी की गई। दोनों को गोल्ड और सिल्वर में निवेश पर मोटे मुनाफे का लालच दिया गया था।

सोशल मीडिया से शुरू हुई दोस्ती, फिर निवेश का झांसा

पुलिस के मुताबिक, दोनों कारोबारी सोशल मीडिया के जरिए युवती के संपर्क में आए। बातचीत बढ़ी तो युवती ने खुद को गोल्ड-सिल्वर निवेश से जोड़कर पेश किया और दावा किया कि निवेश करने पर “पैसे की अच्छी बारिश” होगी। भरोसे में आए दोनों कारोबारियों ने उसकी बातों में आकर निवेश कर दिया।

संपर्क टूटा तो खुली ठगी की परत

शुरुआत में कनकधाम एक्सचेंज और बाद में साब्रेन गोल्ड एक्सचेंज के माध्यम से निवेश कराया गया। कुछ समय बाद युवती से संपर्क पूरी तरह टूट गया और निवेश से जुड़ी कोई जानकारी भी नहीं मिल पाई। तब जाकर पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ।

1930 पर शिकायत, साइबर थाना में FIR

इसके बाद दोनों पीड़ितों ने राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। मामले में मुजफ्फरपुर साइबर थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब संबंधित डिजिटल प्लेटफॉर्म और बैंक लेन-देन की गहन जांच कर रही है।

सावधान रहें: सोशल मीडिया पर निवेश के लुभावने ऑफर और अनजान लोगों की सलाह पर पैसे लगाने से पहले पूरी जांच-पड़ताल जरूरी है, वरना मेहनत की कमाई पल भर में उड़ सकती है।

Views: 84

TOTAL VISITOR: 50209504