243 सीटों पर अकेले लड़ेगी चुनाव, 40% टिकट महिलाओं को देने का दावा
पटना: जन सुराज पार्टी ने अपनी स्थापना के एक वर्ष पूर्ण होने का भव्य जश्न मनाया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने कहा कि 2 अक्टूबर 2024 को गांधी जयंती के दिन गठित यह पार्टी अब बिहार की राजनीतिक फलक पर अपनी मज़बूत उपस्थिति दर्ज करा चुकी है। उन्होंने दावा किया कि जन सुराज की मजबूत संरचना और सिद्धांतों के कारण अब राज्य का कोई भी राजनीतिक दल इसे नजरअंदाज नहीं कर सकता।
प्रशांत किशोर की मेहनत से मिली पहचान
पार्टी अध्यक्ष उदय सिंह ने इस सफलता का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं और विशेष रूप से पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर को दिया। उन्होंने कहा, “एक व्यक्ति के प्रयास और पूरे संगठन की मेहनत ने आज जन सुराज को उस मुकाम पर ला खड़ा किया है, जहां अब बिहार में संपूर्ण बदलाव की चर्चा हो रही है। हम सभी लोगों के आभारी हैं और ईश्वर से कामना करते हैं कि जनता का समर्थन हमें निरंतर मिलता रहे।”
गांधीवादी विचारधारा से निकली पार्टी
उदय सिंह ने कहा कि पार्टी की नींव गांधीवादी सिद्धांतों पर रखी गई है। जन सुराज, प्रशांत किशोर के जन संवाद पदयात्रा अभियान से निकली हुई पार्टी है, जिसके तहत उन्होंने बिहार के कोने-कोने में जाकर लोगों की समस्याएं जानीं और समाधान का रोडमैप तैयार किया।
9 अक्टूबर को पहली सूची होगी जारी
जन सुराज पार्टी के मुताबिक, आगामी 9 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की जाएगी। पार्टी की कोर कमेटी ने फैसला लिया है कि पहले चरण में कम से कम 100 विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी। इसके बाद अन्य सीटों के लिए भी उम्मीदवारों की घोषणा चरणबद्ध तरीके से की जाएगी।
40% टिकट महिलाओं को, नहीं होगा गठबंधन
पार्टी ने यह भी ऐलान किया कि वह महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट देगी, जिससे राजनीति में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा मिल सके। साथ ही, पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है कि वह किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी और 243 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। पार्टी के अनुसार, सभी उम्मीदवारों का चयन स्वच्छ छवि और जनसेवा के अनुभव के आधार पर किया जाएगा।
चुनाव आयोग ने दिया ‘स्कूल बैग’ प्रतीक
जन सुराज पार्टी को चुनाव आयोग द्वारा ‘स्कूल बैग’ चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया है। पार्टी ने अपने प्रमुख एजेंडे में बिहार को भ्रष्टाचार मुक्त, सुशासित और विकसित राज्य बनाने का संकल्प लिया है।
यह घोषणा ऐसे समय पर आई है जब बिहार में राजनीतिक हलचल तेज हो रही है, और जन सुराज पार्टी का यह आक्रामक रुख अन्य दलों के लिए चिंता का विषय बन सकता है।
Views: 52