एक रेडिट यूजर के लिए उसका iPhone खो जाना घाटे का नहीं बल्कि फायदे का सौदा साबित हुआ। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Reddit पर ‘ScienceFuture2300’ नाम के अकाउंट से शेयर की गई पोस्ट के मुताबिक, यूजर का 256GB स्टोरेज वाला iPhone 17 Pro Max खो गया था। लेकिन जब उसने AppleCare+ प्लान के तहत क्लेम किया, तो Apple ने उसे 8 गुना ज्यादा स्टोरेज यानी 2TB वाला iPhone 17 Pro Max रिप्लेसमेंट में दे दिया।
सर्विस सेंटर की गलती या स्टॉक की कमी?
रेडिट पोस्ट में यूजर ने फोन के सीरियल नंबर और स्टोरेज से जुड़ी तस्वीरें भी साझा की हैं। iPhone के सीरियल नंबर से यह पता लगाया जा सकता है कि डिवाइस नया है या रिप्लेसमेंट यूनिट। यूजर का दावा है कि उसे 256GB मॉडल की जगह सीधे 2TB वेरिएंट दे दिया गया, जिसकी कीमत काफी ज्यादा होती है।
ऐसा माना जा रहा है कि संभव है जिस स्टोरेज वेरिएंट का क्लेम किया गया था, वह उस समय Apple के पास स्टॉक में उपलब्ध न हो। ऐसे मामलों में कंपनी कई बार समान या उससे बेहतर मॉडल उपलब्ध कराती है। खास बात यह है कि ऐसी स्थिति में अतिरिक्त शुल्क भी नहीं लिया जाता।
खोने पर कैसे मिला रिप्लेसमेंट?
कई लोगों के मन में सवाल उठ सकता है कि फोन खोने पर रिप्लेसमेंट कैसे मिल सकता है। दरअसल, AppleCare+ प्लान लेने वाले यूजर्स को डिवाइस के डैमेज, चोरी या गुम होने की स्थिति में क्लेम करने की सुविधा मिलती है।
- अगर फोन रिपेयर हो सकता है, तो Apple उसे ठीक करके लौटाता है।
- अगर फोन खो जाए या ठीक होने की स्थिति में न हो, तो कंपनी तय शुल्क लेकर रिप्लेसमेंट डिवाइस देती है।
- साथ ही, खोए हुए फोन को बैकएंड से ब्लॉक कर दिया जाता है ताकि उसका दुरुपयोग न हो सके।
पहले भी दिखा चुकी है उदारता
यह पहला मौका नहीं है जब Apple ने अपने ग्राहक को बेहतर डिवाइस देकर चौंकाया हो। पहले भी ऐसे मामले सामने आ चुके हैं, जब रिपेयर के बदले ग्राहकों को लेटेस्ट या अपग्रेडेड मॉडल दे दिया गया।
इसी वजह से कई यूजर्स Apple डिवाइस खरीदते समय AppleCare+ प्लान लेना फायदेमंद मानते हैं।
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि इस मामले में यह सर्विस सेंटर की गलती थी या स्टॉक की अनुपलब्धता की वजह से अपग्रेड मिला। लेकिन इतना तय है कि इस Reddit यूजर के लिए iPhone का खो जाना किसी जैकपॉट से कम नहीं रहा।
Views: 51
