झारखंड के वीर, अग्निवीर का पार्थिव शरीर पहुंचा रांची, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि

झारखंड के वीर, अग्निवीर  का पार्थिव शरीर पहुंचा रांची, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि

रांची। सियाचिन की बर्फीली चोटियों पर ड्यूटी के दौरान शहीद हुए झारखंड के सपूत अग्निवीर नीरज कुमार चौधरी का पार्थिव शरीर बुधवार शाम बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची लाया गया। एयरपोर्ट पर पूरे सम्मान के साथ उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद को नमन किया।

राज्यपाल ने कहा – “सियाचिन ग्लेशियर में हिमस्खलन की इस घटना ने पूरे राज्य को मर्माहत कर दिया है। नीरज कुमार चौधरी ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर किए, यह पूरे झारखंड के लिए गर्व और पीड़ा का क्षण है।”

वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा – “झारखंड अपने इस वीर बेटे पर गर्व करता है। उनकी शहादत हमेशा याद रखी जाएगी। राज्य सरकार शहीद के परिवार को हरसंभव सहयोग देगी।”

शहीद के सम्मान में एयरपोर्ट परिसर “नीरज अमर रहे” के नारों से गूंज उठा। अब वीर सपूत का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव देवघर ले जाया जाएगा, जहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार होगा।

Views: 143

TOTAL VISITOR: 50180112