राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब तक “दंगाई और संविधान विरोधी” भाजपा सत्ता में है और वह जीवित हैं, तब तक वे उससे लड़ते रहेंगे।
तेजस्वी की यह टिप्पणी आईआरसीटीसी होटल घोटाला मामले में सीबीआई की अदालत द्वारा पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव और कुछ अन्य के खिलाफ आरोप तय किए जाने के बाद आई है।
तेजस्वी यादव ने ‘एक्स’ पर लिखा –
“तूफ़ानों से लड़ने में मज़ा ही कुछ और है। हमने संघर्ष पथ चुना है। संघर्ष पथ पर चलते-चलते अच्छे मुसाफ़िर बन निश्चित ही मंज़िल प्राप्त करेंगे।”
अमित शाह पर धमकी देने का आरोप
तेजस्वी यादव ने एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि करीब एक महीने पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार दौरे के दौरान उन्हें धमकी दी थी कि “उन्हें चुनाव लड़ने लायक नहीं छोड़ा जाएगा।”
उन्होंने कहा,
“हम लड़ेंगे और जीतेंगे। हम बिहारी हैं, बिहारी बाहरी से नहीं डरते। जय बिहार, जय बिहारी।”
तेजस्वी ने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने और विपक्ष की आवाज़ दबाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता भाजपा की धमकियों और दमन की राजनीति का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।
नित्यानंद राय का पलटवार
वहीं, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने तेजस्वी यादव और लालू परिवार पर पलटवार करते हुए कहा —
“जो भ्रष्टाचार करेगा, आरोप तो उसी पर तय होंगे। आईआरसीटीसी मामले में पूरा लालू परिवार शामिल है। लालू परिवार अब भ्रष्टाचार और घोटालों का प्रतीक बन गया है। ऐसे लोगों के कारण बिहार विकास से कोसों दूर रहा है। अब जनता ऐसे भ्रष्टाचारियों को कभी स्वीकार नहीं करेगी।”
Views: 62
