महागठबंधन ने तेजस्वी यादव पर जताया भरोसा, बने सीएम पद के चेहरे – सीटों का फार्मूला भी तय

नई दिल्ली/पटना:
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों के ऐलान के साथ ही प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है। विपक्षी महागठबंधन ने रविवार को हुई अहम बैठक में अपने पत्ते खोल दिए हैं। तीन घंटे चली इस मैराथन मीटिंग में सर्वसम्मति से तेजस्वी यादव को गठबंधन का नेता और मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया।

बैठक में न सिर्फ नेतृत्व का फैसला हुआ, बल्कि सीट बंटवारे और प्रचार रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। सूत्रों के मुताबिक, महागठबंधन में सीटों का फार्मूला लगभग तय हो गया है —

RJD: 130 सीटें

कांग्रेस: 55 से 58 सीटें

वाम दल: 35 से 38 सीटें

VIP: 12 से 15 सीटें

राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी: 3 सीटें

JMM: 2 से 3 सीटें
वहीं, CPI (ML) को पिछली बार से ज्यादा, यानी करीब 25 सीटें मिलने की संभावना जताई जा रही है।

राहुल गांधी की यात्रा से बदला माहौल

महागठबंधन में नई ऊर्जा कांग्रेस नेता राहुल गांधी की “वोट अधिकार यात्रा” से आई है। इस यात्रा के दौरान राहुल और तेजस्वी यादव की संयुक्त रैलियों ने विपक्षी एकता को मजबूती दी है। दोनों नेताओं की रैलियों में उमड़ी भारी भीड़ ने संकेत दे दिया है कि महागठबंधन इस बार चुनावी मैदान में आक्रामक रणनीति अपनाने के मूड में है।

राहुल की यात्रा ने उन इलाकों में कांग्रेस को सक्रिय किया, जहां उसका प्रभाव सीमित था। तेजस्वी यादव ने भी इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया।

कब होंगे चुनाव?

चुनाव आयोग के मुताबिक, बिहार में दो चरणों में मतदान होगा —

पहला चरण: 6 नवंबर

दूसरा चरण: 11 नवंबर
वहीं 14 नवंबर को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

तेजस्वी यादव के नेतृत्व में अब महागठबंधन एकजुट होकर NDA को टक्कर देने की तैयारी में जुट गया है। आने वाले दिनों में उम्मीदवारों की सूची और संयुक्त प्रचार अभियान का ऐलान भी होने की संभावना है।

Views: 59

SHARE
   
TOTAL VISITOR: 5074217