अधूरी सड़क पर टोल वसूली का मुद्दा विधानसभा में गूंजा, विधायक रामचंद्र सिंह ने लगाई रोक की मांग,

अधूरी सड़क पर टोल वसूली का मुद्दा विधानसभा में गूंजा, विधायक रामचंद्र सिंह ने लगाई रोक की मांग,

बरवाडीह (लातेहार): लातेहार–डाल्टेनगंज नेशनल हाईवे का निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हुआ है, लेकिन इसके बावजूद दुबियाखाड़ टोल प्लाजा पर टोल वसूली शुरू कर दी गई है। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। क्षेत्र की इसी समस्या को मनिका विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामचंद्र सिंह ने विधानसभा सत्र में जोरदार तरीके से उठाते हुए सरकार से हस्तक्षेप की मांग की.


विधानसभा में मुद्दा उठाते हुए विधायक ने कहा कि अधूरी सड़क पर टोल वसूली पूरी तरह अनुचित है। सड़क निर्माण कार्य लंबित रहने के कारण लोगों को पहले ही खराब सड़क और यातायात की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, ऐसे में टोल वसूली से आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि जब तक लातेहार–डाल्टेनगंज नेशनल हाईवे का निर्माण कार्य पूरी तरह से पूरा नहीं हो जाता, तब तक दुबियाखाड़ टोल प्लाजा पर टोल वसूली को तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए। इसके साथ ही बरवाडीह, मनिका सहित आसपास के प्रखंडों में रहने वाले लोगों को राहत देने के लिए टोल प्लाजा से 10 से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय निवासियों को टोल शुल्क से छूट देने की व्यवस्था की जाए।


विधायक ने कहा कि क्षेत्र के लोग रोजमर्रा के काम, व्यवसाय और जरूरी आवागमन के लिए इस मार्ग का उपयोग करते हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों को टोल से छूट मिलनी चाहिए ताकि उन्हें अनावश्यक आर्थिक बोझ से राहत मिल सके।


विधानसभा में यह मुद्दा उठाए जाने के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कांग्रेस नेताओं ने विधायक के प्रति आभार जताया। जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर, कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष नसीम अंसारी तथा कांग्रेस प्रदेश प्रतिनिधि रविंद्र राम समेत कई नेताओं ने कहा कि विधायक ने क्षेत्र की जनता की आवाज को मजबूती से विधानसभा तक पहुंचाने का काम किया है।

Views: 26

TOTAL VISITOR: 50187348