SCO में मोदी-पुतिन-शी की तस्वीर से बढ़ी हलचल, भारत पर बोले ट्रंप — ‘मोदी मेरे अच्छे दोस्त, जल्द होगी बातचीत’

SCO में मोदी-पुतिन-शी की तस्वीर से बढ़ी हलचल, भारत पर बोले ट्रंप — ‘मोदी मेरे अच्छे दोस्त, जल्द होगी बातचीत’

नई दिल्ली, 10 सितंबर — चीन के तियानजिन में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के दौरान एक तस्वीर ने वैश्विक राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। तस्वीर में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग एक साथ नजर आए, जिसने अमेरिका, खासकर पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बेचैन कर दिया।

अमेरिका में बढ़ी बेचैनी, ट्रंप को लगी मिर्ची

यह तस्वीर ऐसे समय आई जब अमेरिका भारत पर रूस से तेल खरीदने को लेकर लगातार दबाव बना रहा है। ट्रंप प्रशासन के दौरान भारत पर 50% टैरिफ लगाने की चेतावनी दी गई थी। तस्वीर सामने आने के बाद ट्रंप और उनके आर्थिक सलाहकार पीटर नवारो ने भारत के खिलाफ तीखे बयान देने शुरू कर दिए।

लेकिन भारत ने साफ कर दिया कि वह अपने राष्ट्रीय हितों से कोई समझौता नहीं करेगा। इसके बाद अमेरिका को अपनी रणनीति पर दोबारा सोचने को मजबूर होना पड़ा।

ट्रंप ने अब क्या कहा?

मंगलवार को डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर एक पोस्ट में नरम रुख अपनाते हुए लिखा:

“मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत और अमेरिका अपने दोनों देशों के बीच व्यापार बाधाओं को दूर करने के लिए बातचीत जारी रख रहे हैं। मैं आने वाले हफ्तों में अपने बहुत अच्छे दोस्त प्रधानमंत्री मोदी से बात करने के लिए उत्सुक हूं। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारे दोनों महान देशों के लिए एक सफल निष्कर्ष पर पहुंचने में कोई कठिनाई नहीं होगी!”

पीएम मोदी ने जताई सकारात्मकता

ट्रंप की इस घोषणा के बाद भारत सरकार की ओर से भी सकारात्मक संकेत मिले हैं। सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने बातचीत फिर से शुरू करने के प्रस्ताव का स्वागत किया है और निकट भविष्य में ट्रंप से संपर्क की संभावना जताई है।

तस्वीर से संदेश क्या गया?

विश्लेषकों का मानना है कि SCO में मोदी-पुतिन-शी की एकजुटता वाली तस्वीर ने वैश्विक स्तर पर यह स्पष्ट संदेश दिया है कि भारत अब स्वतंत्र विदेश नीति पर मजबूती से चल रहा है। अमेरिका के दबाव में आने की बजाय भारत अपने हितों और संतुलन को प्राथमिकता दे रहा है।

Views: 96

TOTAL VISITOR: 50180120