अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को रूस से तेल खरीद और उस पर टैरिफ लगाने को लेकर बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने कहा कि नाटो देश तुरंत रूस से तेल खरीदना बंद करें और चीन पर 50 से 100 फीसदी तक का टैरिफ लगाया जाए। उनके मुताबिक, यह कदम रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने का रास्ता साफ कर सकता है।
ट्रंप ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “नाटो की जीत के लिए प्रतिबद्धता अब तक 100% से काफी कम रही है। कुछ देशों की रूसी तेल खरीद चौंकाने वाली है। इससे रूस के साथ आपकी बार्गेनिंग पावर कमजोर होती है। जब नाटो देश तेल खरीद रोकने के लिए तैयार हों, मुझे बताएं, मैं प्रतिबंध लगाने के लिए तैयार हूं।”
चीन पर निशाना, भारत का जिक्र नहीं
ट्रंप ने कहा कि अगर नाटो देश चीन पर भारी टैरिफ लगाएंगे तो रूस की आर्थिक स्थिति पर गहरा असर होगा और इससे युद्ध समाप्ति की दिशा में मदद मिलेगी। युद्ध खत्म होने के बाद ये टैरिफ हटाए जा सकते हैं।
गौरतलब है कि सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर की रिपोर्ट के अनुसार, 2023 से नाटो सदस्य तुर्की, चीन और भारत के बाद रूसी तेल का तीसरा सबसे बड़ा खरीदार रहा है।
दिलचस्प बात यह रही कि ट्रंप ने इस बार भारत का नाम नहीं लिया। जबकि हाल के महीनों में वह रूस से तेल खरीदने को लेकर भारत पर सख्त रुख अपनाते रहे हैं। बीते महीने अमेरिका ने भारत पर अतिरिक्त टैरिफ भी लगाया था, जिससे दोनों देशों के रिश्तों में तनाव आया।
हालांकि शुक्रवार को ट्रंप ने खुद माना था कि भारत पर टैरिफ लगाना आसान नहीं है और इससे रिश्तों में दरार आती है। इसके बाद शनिवार को उन्होंने भारत पर चुप्पी साधते हुए चीन पर भारी टैरिफ का प्रस्ताव रख दिया।
Views: 82
