कड़ाके की ठंड का असर: पटना में स्कूलों के समय में बड़ा बदलाव, डीएम का आदेश जारी

कड़ाके की ठंड का असर: पटना में स्कूलों के समय में बड़ा बदलाव, डीएम का आदेश जारी

पटना। बिहार की राजधानी पटना इन दिनों कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। सुबह के समय हालात इतने खराब हैं कि लोग रजाई-कंबल से बाहर निकलने से बच रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों और छोटे बच्चों को हो रही है। डॉक्टरों की सलाह पर बुजुर्गों को घर के अंदर ही गर्म माहौल में रखने की बात कही जा रही है, लेकिन ठंड और कोहरे में सुबह-सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को लेकर चिंता लगातार बढ़ रही थी।

इसी को देखते हुए पटना जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस. एम. ने बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव का आदेश जारी किया है।

19 दिसंबर से लागू हुआ नया आदेश
पटना डीएम की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि जिले में अत्यधिक ठंड है और विशेष रूप से सुबह एवं शाम के समय तापमान काफी नीचे चला जा रहा है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

आदेश के अनुसार, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत पटना जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों—जिसमें प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र भी शामिल हैं—में सभी कक्षाओं की शैक्षणिक गतिविधियों पर सुबह 9 बजे से पहले और शाम 4:30 बजे के बाद प्रतिबंध लगाया गया है।

बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता
प्रशासन के इस फैसले से हजारों छात्रों और अभिभावकों को राहत मिली है। ठंड और कोहरे के बीच स्कूल जाने से होने वाली परेशानियों से बच्चों को फिलहाल राहत मिलेगी। जिला प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों से आदेश का सख्ती से पालन करने की अपील की है।

बताया जा रहा है कि मौसम की स्थिति सामान्य होने तक यह आदेश प्रभावी रहेगा।

Views: 832

TOTAL VISITOR: 50179494