आधी रात में खाली हुआ राबड़ी देवी का 10 सर्कुलर रोड बंगला, नया सरकारी आवास हुआ आवंटित

आधी रात में खाली हुआ राबड़ी देवी का 10 सर्कुलर रोड बंगला, नया सरकारी आवास हुआ आवंटित

पटना। बिहार की राजनीति में सत्ता परिवर्तन के साथ ही सरकारी व्यवस्था में भी तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। नई सरकार के गठन के बाद मंत्रिपरिषद ही नहीं, बल्कि नेताओं के सरकारी आवासों में भी फेरबदल शुरू हो गया है। इसी कड़ी में भवन निर्माण विभाग ने पूर्व मुख्यमंत्री और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगला खाली करने का निर्देश दिया है। विभाग की ओर से उनके लिए नया आवास भी आवंटित कर दिया गया है।
प्रशासनिक आदेश के बाद 25 दिसंबर की देर रात 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी आवास पर अचानक हलचल देखने को मिली। देर रात कई छोटी गाड़ियां बंगले में पहुंचीं, जिसके बाद यह चर्चा शुरू हो गई कि आवास को खाली कराया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छोटे वाहनों के माध्यम से पौधे, गमले और गार्डन से जुड़ा सामान दूसरी जगह शिफ्ट किया गया। एक न्यूज पोर्टल के मुताबिक, इस दौरान सामान निकाले जाने की तस्वीरें भी सामने आई हैं।
एक अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार रात राबड़ी आवास पर 4 से 5 छोटी गाड़ियां पहुंचीं, जिसके बाद आधी रात में बंगला खाली किए जाने की चर्चाएं तेज हो गईं। हालांकि, इस संबंध में प्रशासन या आरजेडी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
बताया जा रहा है कि जिस समय आवास खाली करने की खबरें सामने आईं, उस वक्त लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव दोनों ही पटना से बाहर थे। उल्लेखनीय है कि भवन निर्माण विभाग ने 25 नवंबर को ही राबड़ी देवी को बंगला खाली करने का आदेश जारी किया था, जिसकी एक महीने की अवधि 25 दिसंबर को पूरी हो गई थी।
गौरतलब है कि राबड़ी देवी 16 जनवरी 2006 से 10 सर्कुलर रोड स्थित बंगले में रह रही थीं। वर्तमान में वह विधान परिषद में विपक्ष की नेता हैं। सरकारी आदेश के तहत अब उन्हें हार्डिंग रोड स्थित केंद्रीय पूल आवास के बंगला नंबर 39 में स्थानांतरित किया गया है। भवन निर्माण विभाग के अनुसार, यह आवास विधान परिषद में विपक्ष के नेता के लिए निर्धारित है।

Views: 113

TOTAL VISITOR: 50179119