अररिया में 4 दिन में खुला करोड़ों की कार चोरी का राज, एसआईटी ने बरामद की दो नई नेक्सॉन

अररिया में 4 दिन में खुला करोड़ों की कार चोरी का राज, एसआईटी ने बरामद की दो नई नेक्सॉन

अररिया। महादेव चौक स्थित पुराने बस स्टैंड के समीप टाटा कंपनी के अधिकृत शोरूम कोसी कार्स में हुई सनसनीखेज कार चोरी का पुलिस ने महज चार दिनों में खुलासा कर दिया। चोर शटर तोड़कर दो नई टाटा नेक्सॉन कार और एक कर्मचारी की निजी नेक्सॉन कार लेकर फरार हो गए थे। इतना ही नहीं, वे शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी साथ ले गए थे, ताकि पहचान के सबूत मिटाए जा सकें।
घटना के बाद पूरे शहर में दहशत और आक्रोश का माहौल था। शोरूम प्रबंधन ने कारों की बरामदगी की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी। लेकिन अररिया पुलिस ने इस चुनौती को स्वीकार करते हुए तेजी से कार्रवाई की और मामले का सफल उद्भेदन किया।


एसआईटी का गठन, तकनीकी जांच से मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए अररिया के पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार के निर्देश पर सदर एसडीपीओ सुशील कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने पारंपरिक जांच के साथ-साथ तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की रणनीति अपनाई।
जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह की पहचान कर जोकीहाट के गिरड़ा से 22 वर्षीय मोहम्मद इरफान को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर एक नई नेक्सॉन कार पूर्णिया जिले के बायसी थाना क्षेत्र के डगरूआ ओपी से तथा दूसरी नई नेक्सॉन कार अररिया के कुसियार गांव से बरामद की गई।
वहीं, शोरूम के एक कर्मचारी की चोरी हुई नेक्सॉन कार घटना की सुबह ही शोरूम के पश्चिम एनएच किनारे लावारिस हालत में मिल गई थी।


दर्ज हुआ मामला, पुलिस ने माना चुनौती
शोरूम मैनेजर हेमंत कुमार के आवेदन पर नगर थाना में कांड संख्या 85/2026, दिनांक 18 फरवरी 2026 को धारा 305 बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
एसपी जितेन्द्र कुमार ने बताया कि घटना को पुलिस ने प्रतिष्ठा का प्रश्न मानते हुए चुनौती के रूप में लिया। स्वयं एसपी और एसडीपीओ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और लगातार मॉनिटरिंग की।


सम्मान समारोह में झलकी कृतज्ञता
कारों की बरामदगी के बाद शोरूम परिसर में सोमवार को सम्मान समारोह आयोजित किया गया। शोरूम के मालिक मनोज पटोदिया और मैनेजर हेमंत कुमार ने एसपी जितेन्द्र कुमार, एसडीपीओ सुशील कुमार, नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार समेत पूरी टीम और सशस्त्र बल के जवानों को शॉल और बुके देकर सम्मानित किया।


इस अवसर पर शोरूम मालिक ने भावुक होकर कहा,
“हम लोग इस घटना से पूरी तरह टूट चुके थे और बरामदगी की उम्मीद भी छोड़ चुके थे। लेकिन चार दिनों के भीतर पुलिस टीम ने जो कार्य किया, वह हमारी कल्पना से परे है। हम बिहार पुलिस के प्रति हृदय से आभारी हैं।”
इस कार्रवाई ने न केवल चोरी की गुत्थी सुलझाई, बल्कि व्यापारियों और आम नागरिकों में पुलिस के प्रति भरोसा भी मजबूत किया है। अररिया पुलिस की त्वरित और तकनीकी कार्रवाई को क्षेत्र में सराहा जा रहा है।

Views: 113

TOTAL VISITOR: 50217473