सरायकेला में पूर्व सीएम चंपाई सोरेन का हमला: स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर फर्जी डॉक्टर बनकर OPD में बैठने का आरोप

सरायकेला में पूर्व सीएम चंपाई सोरेन का हमला: स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर फर्जी डॉक्टर बनकर OPD में बैठने का आरोप

सरायकेला में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता चंपाई सोरेन ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री इरफान अंसारी का नाम एनएमसी की आधिकारिक डॉक्टरों की सूची में नहीं है, इसके बावजूद वे सरकारी अस्पतालों के ओपीडी में डॉक्टर की भूमिका निभाते हुए वीडियो और रील बनवा रहे हैं, जिससे मरीजों की जान को जोखिम में डाला जा रहा है।

“फर्जी डॉक्टर की दवा से किसी को कुछ हुआ तो जिम्मेदार कौन?”
चंपाई सोरेन ने कहा कि झारखंड के अस्पतालों में अव्यवस्था पहले ही चरम पर है—कहीं संक्रमित खून चढ़ाए जाने की खबरें आती हैं, तो कहीं मरीजों को खाट पर ले जाने की तस्वीरें वायरल होती रहती हैं। ऐसे में यदि “फर्जी डॉक्टर” द्वारा लिखी गई दवा या उपचार से किसी मरीज को कोई नुकसान होता है, तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?

रिम्स की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री ने रिम्स की जमीन को कब्जा कर बहुमंजिला इमारत खड़ी किए जाने के मामले पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी इमारत बिना सिस्टम की जानकारी और अनुमति के कैसे बनाई जा सकती है? चंपाई सोरेन का कहना था कि रिम्स की एक जमीन के बंदरबांट के बाद अब रिम्स-2 के नाम पर नगड़ी में आदिवासी और मूलवासी किसानों की जमीन हड़पने की कोशिश भी इसी क्रम का हिस्सा है।

“अबुआ सरकार का नियम—जो जितना बड़ा नौटंकीबाज, वह उतना बड़ा शक्तिशाली”
चंपाई सोरेन ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार का कामकाज उल्टा चल रहा है। उनका कहना था कि झारखंड की इस तथाकथित “अबुआ सरकार” में योग्यता या संवेदनशीलता नहीं, बल्कि नौटंकी और भ्रष्टाचार को ही प्राथमिकता दी जा रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री के इन आरोपों ने राज्य की राजनीति में एक नई बहस छेड़ दी है, जबकि सरकार की ओर से इस बयान पर अभी तक कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Views: 80

TOTAL VISITOR: 50180175