रांची: झारखंड में अगले कुछ दिनों में ठंड का प्रभाव तेजी से बढ़ने वाला है। मौसम विभाग ने 5 और 6 दिसंबर के लिए राज्य के कई जिलों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। अनुमान है कि आधे से अधिक जिलों में कड़ाके की ठंड और ठिठुरन लोगों को परेशानी में डाल सकती है।
रांची में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री संभव
राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का पूर्वानुमान है। पछुआ हवाओं की रफ्तार बढ़ने के कारण बोकारो, गिरिडीह, चतरा, खूंटी, लातेहार, पलामू और धनबाद समेत कई जिलों में शीतलहर का असर महसूस किया जा सकता है। दिन और रात दोनों समय सर्द हवाएँ ठंड को और ज्यादा कड़ा कर देंगी।
घने कोहरे से विजिबिलिटी कम होने का अनुमान
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 9 दिसंबर तक सुबह के समय घना कोहरा और धुंध छाई रह सकती है, जिससे दृश्यता प्रभावित होगी। पछुआ हवा के कारण तापमान में तेजी से गिरावट आएगी, इसलिए लोगों को आवश्यक सावधानी बरतने, गर्म कपड़े पहनने और सुबह-शाम बाहर निकलते समय अतिरिक्त सतर्कता अपनाने की सलाह दी गई है।
Views: 96
