मुजफ्फरपुर में दरिंदगी: युवक को उतारा मौत के घाट, आंखें निकालकर पलंग के नीचे छिपाईं

मुजफ्फरपुर में दरिंदगी: युवक को उतारा मौत के घाट, आंखें निकालकर पलंग के नीचे छिपाईं

पुलिस जांच में जुटी

मुजफ्फरपुर (ई-पेपर ब्यूरो): जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चाणक्यपुरी रोड नंबर-6 में शुक्रवार को एक सनसनीखेज हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। एक किराए के मकान से 34 वर्षीय मजदूर उपेंद्र पासवान का रक्तरंजित शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अपराधियों ने मृतक की दोनों आंखें निकालकर बेड के नीचे रख दी थीं। वहीं वारदात के बाद से मृतक की पत्नी और उनके दो बच्चे रहस्यमय तरीके से गायब हैं, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

दूधवाले ने देखा खौफनाक मंजर

मृतक उपेंद्र पासवान (मूल निवासी: राघोपुर, मीनापुर) करीब ढाई महीने पहले ही इस मकान में किराएदार के रूप में रहने आया था। शुक्रवार सुबह रोज की तरह जब दूधवाला दूध देने पहुंचा और कई बार आवाज लगाने पर भी दरवाजा नहीं खुला, तो उसने धक्का देकर अंदर देखा। कमरे में उपेंद्र का शव पड़ा देखकर उसने तुरंत शोर मचाया और मकान मालिक को सूचना दी। इसके बाद डायल-112 और स्थानीय अहियापुर थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

FSL टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए टाउन-2 एसडीपीओ कार्तिकेयन और अहियापुर थानाध्यक्ष शरत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फिंगरप्रिंट्स व अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्री कृष्णा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) भेज दिया है।

हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

अहियापुर थानाध्यक्ष ने बताया कि मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम और FSL रिपोर्ट के बाद ही चलेगा। पुलिस फिलहाल मकान मालिक और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस की मुख्य जांच गायब पत्नी और बच्चों की तलाश पर टिकी है, जिससे इस खौफनाक हत्याकांड की गुत्थी सुलझने की उम्मीद है।

Views: 24

TOTAL VISITOR: 50388457