जन्मदिन पर गंभीर को खास तोहफा: दिल्ली टेस्ट में वेस्टइंडीज को हराकर भारत ने 2-0 से जीती सीरीज

जन्मदिन पर गंभीर को खास तोहफा: दिल्ली टेस्ट में वेस्टइंडीज को हराकर भारत ने 2-0 से जीती सीरीज

नई दिल्ली: शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम ने दिल्ली टेस्ट में वेस्टइंडीज को 7 विकेट से हराकर दो मैचों की सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। खास बात यह रही कि यह जीत टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर के जन्मदिन के दिन आई, जिसे खिलाड़ियों ने जीत के जश्न से और भी खास बना दिया।

टेस्ट के पांचवें दिन भारत को जीत के लिए केवल 58 रनों की जरूरत थी और 9 विकेट शेष थे। हालांकि, शुभमन गिल (13) और साई सुदर्शन (39) के विकेट जल्दी गिर गए, लेकिन केएल राहुल (नाबाद 58) ने संयम से खेलते हुए टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।

इससे पहले भारत ने पहली पारी में 518/5 पर पारी घोषित की थी, जिसमें यशस्वी जायसवाल ने 175 और कप्तान गिल ने नाबाद 129 रन बनाए। जवाब में वेस्टइंडीज की पहली पारी 248 रनों पर सिमट गई। भारत को 270 रनों की बड़ी बढ़त मिली।

वेस्टइंडीज ने दूसरी पारी में जॉन कैंपबेल (115) और शाई होप (103) की शतकीय पारियों की मदद से 390 रन बनाए और भारत को 121 रनों का लक्ष्य दिया। भारत ने यह लक्ष्य तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया।

कुलदीप यादव इस मैच में भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने पहली पारी में 5 और दूसरी में 3 विकेट झटके। जसप्रीत बुमराह ने भी दूसरी पारी में 3 विकेट चटकाए।

Views: 73

TOTAL VISITOR: 50180451