सूरत/नई दिल्ली:
आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर भारत का नाम रोशन करने वाली महिला क्रिकेट टीम को अब मैदान के बाहर भी बड़ा सम्मान मिलने जा रहा है। सूरत के उद्योगपति और राज्यसभा सांसद गोविंद ढोलकिया ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की हर सदस्य को असली हीरे के गहने और रूफटॉप सोलर पैनल गिफ्ट करने की घोषणा की है।
ढोलकिया ने बीसीसीआई (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला को पत्र लिखकर अपनी इस इच्छा से अवगत कराया। उन्होंने लिखा कि,
“भारतीय महिला क्रिकेट टीम की इस असाधारण यात्रा का जश्न मनाने के लिए, हम चैंपियन टीम की हर सदस्य को हाथ से बने असली हीरे के गहने भेंट कर सम्मानित करना चाहते हैं। यह उनके शानदार प्रदर्शन और कभी हार न मानने वाले जज़्बे के लिए हमारी ओर से प्रशंसा का प्रतीक होगा।”
सोलर पैनल का अनोखा उपहार
गोविंद ढोलकिया, जो अपने समाजसेवी कार्यों के लिए भी प्रसिद्ध हैं, ने कहा कि वे खिलाड़ियों को हीरे के गहनों के साथ रूफटॉप सोलर पैनल भी गिफ्ट करेंगे। उन्होंने कहा,
“जिस रोशनी से इन खिलाड़ियों ने देश को गौरवान्वित किया है, वही रोशनी उनके घरों में भी हमेशा चमकती रहे, इसके लिए हम सोलर पैनल भेंट करना चाहते हैं।”
ढोलकिया का यह अनूठा कदम महिला खिलाड़ियों की मेहनत, समर्पण और सफलता की चमक को सलाम करने वाला है। उनकी यह पहल देशभर में नारी शक्ति के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण दोनों का सुंदर संदेश देती है।
Views: 182
