मस्कट से मोदी का संदेश, 21वीं सदी का भारत साहसी फैसलों वाला, भारत–ओमान दोस्ती को नई उड़ान

मस्कट से मोदी का संदेश, 21वीं सदी का भारत साहसी फैसलों वाला, भारत–ओमान दोस्ती को नई उड़ान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओमान की राजधानी मस्कट में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि 21वीं सदी का भारत बड़े लक्ष्य तय करता है, साहसिक और त्वरित फैसले लेता है तथा समयबद्ध परिणाम देता है। उन्होंने भारत–ओमान के ऐतिहासिक रिश्तों, सांस्कृतिक जुड़ाव और भविष्य की साझेदारी को मजबूती देने पर जोर दिया।

भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत और ओमान का रिश्ता ट्रस्ट की नींव पर खड़ा है, जो समय के साथ और गहराता गया है। उन्होंने बताया कि दोनों देशों के कूटनीतिक संबंधों के 70 वर्ष पूरे हो चुके हैं और यह केवल उत्सव नहीं, बल्कि साझा विरासत को समृद्ध भविष्य की ओर ले जाने का पड़ाव है।

“ओमान में दिख रहा है मिनी इंडिया”

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय जहां भी जाते हैं, वहां की संस्कृति और परंपराओं के साथ घुल-मिल जाते हैं। ओमान में भारतीय समुदाय को देखकर उन्हें “मिनी इंडिया” का अनुभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की विविधता हमारी संस्कृति की सबसे मजबूत नींव है, जहां हर परंपरा नए विचार के साथ आती है।

दिवाली को वैश्विक मान्यता पर गर्व

पीएम मोदी ने यूनेस्को द्वारा दीपावली को मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की सूची में शामिल किए जाने की सराहना की। उन्होंने कहा कि अब भारत का ‘दीया’ केवल घरों तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे विश्व को रोशन कर रहा है, जो आशा, सौहार्द और मानवता का संदेश देता है।

शिक्षा से सशक्त हो रहे द्विपक्षीय रिश्ते

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत–ओमान संबंध जो कभी व्यापार से शुरू हुए थे, आज उन्हें शिक्षा सशक्त कर रही है। ओमान के भारतीय स्कूलों में करीब 46,000 छात्र पढ़ रहे हैं और ओमान में भारतीय शिक्षा के 50 वर्ष पूरे होना दोनों देशों के रिश्तों का अहम पड़ाव है।

CEPA से मिलेगी नई ऊर्जा

पीएम मोदी ने Comprehensive Economic Partnership Agreement (CEPA) को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह 21वीं सदी में भारत–ओमान साझेदारी को नया विश्वास और ऊर्जा देगा। इससे व्यापार, निवेश और विभिन्न क्षेत्रों में नए अवसर खुलेंगे।

‘मैत्री पर्व’ का संदेश

भारत–ओमान ‘मैत्री पर्व’ को दोनों देशों की साझा विरासत और उज्ज्वल भविष्य का उत्सव बताते हुए पीएम मोदी ने इसका अर्थ समझाया—
M: Maritime Heritage
A: Aspiration
I: Innovation
T: Trust & Technology
R: Respect
I: Inclusive Growth

युवाओं को संदेश

प्रधानमंत्री ने युवाओं से बड़े सपने देखने, गहराई से सीखने और साहस के साथ नवाचार करने का आह्वान किया।

दूसरा ओमान दौरा

यह पीएम मोदी का ओमान का दूसरा दौरा है। मस्कट पहुंचने पर उनका औपचारिक स्वागत किया गया और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरे में सुल्तान हैथम बिन तारिक के साथ व्यापार, निवेश, ऊर्जा, रक्षा, तकनीक, कृषि और सांस्कृतिक सहयोग सहित क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की उम्मीद है।

Views: 113

TOTAL VISITOR: 50180325