झारखंड में एक बार फिर कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान का नाम दहशत फैलाने लगा है। धनबाद के वासेपुर से जुड़ा गैंगस्टर प्रिंस खान इस बार चतरा जिले के चर्चित समाजसेवी और क्रशर व्यवसायी प्रेमचंद उर्फ प्रेम सिंह को निशाना बनाया है। गैंगस्टर ने व्हाट्सऐप पर भेजे गए एक ऑडियो क्लिप के जरिए दो करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की है और रकम नहीं देने पर गोली मारने की धमकी दी है। यह ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चतरा जिले के पिंडरा निवासी प्रेम सिंह लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कद्दावर नेता, क्रशर व्यवसायी, समाजसेवी और पूर्व मुखिया रह चुके हैं। उन्होंने बताया कि एक अज्ञात नंबर से उनके व्हाट्सऐप पर ऑडियो संदेश भेजा गया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को गैंगस्टर प्रिंस खान बताया और दुबई से बात करने का दावा किया। ऑडियो में रंगदारी नहीं देने पर “खोपड़ी खोल देने” और हत्या कराने की धमकी दी गई है। इसके अलावा कॉल के जरिए भी उन्हें डराने की कोशिश की गई।
धमकी मिलने के बाद प्रेम सिंह ने हंटरगंज थाना में लिखित आवेदन देकर ऑडियो क्लिप और कॉल डिटेल के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस से त्वरित और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि वासेपुर का कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान धनबाद, बोकारो, जमशेदपुर समेत झारखंड के कई जिलों में व्यवसायियों को धमकाकर रंगदारी मांगने के मामलों में वांछित है। विभिन्न जिलों की पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी हुई है। धनबाद पुलिस ने वर्ष 2024-25 के दौरान प्रिंस खान के एक दर्जन से अधिक सहयोगियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, जिसके बाद कुछ समय के लिए उसका आतंक कम हुआ था।
बताया जा रहा है कि प्रिंस खान फिलहाल दुबई में रहकर झारखंड के व्यवसायियों को धमकी देता है। उसके गुर्गे स्थानीय स्तर पर रंगदारी वसूल कर रकम दुबई तक पहुंचाते हैं। करीब छह महीने बाद सामने आए इस नए ऑडियो मैसेज से धनबाद, बोकारो, चतरा समेत पूरे झारखंड के व्यवसायियों में फिर से भय का माहौल बन गया है।
Views: 128
