रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत, रिजर्वेशन चार्ट के समय में फिर बदलाव

रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत, रिजर्वेशन चार्ट के समय में फिर बदलाव

रेल यात्रा करने वालों के लिए एक अहम खबर है। भारतीय रेल की कई लोकप्रिय ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना चुनौती बना हुआ है, जिसके चलते बड़ी संख्या में यात्री वेटिंग टिकट पर निर्भर रहते हैं। हालांकि, चार्ट बनने तक टिकट कन्फर्म न होने की स्थिति में यात्रियों को अक्सर स्टेशन से वापस लौटना पड़ता है। इसी परेशानी को कम करने के लिए रेलवे बोर्ड ने रिजर्वेशन चार्ट तैयार करने के समय में एक बार फिर बदलाव किया है।

अब कितने घंटे पहले बनेगा रिजर्वेशन चार्ट

रेलवे बोर्ड के नए फैसले के अनुसार, अब किसी भी ट्रेन का रिजर्वेशन चार्ट कम से कम 10 घंटे पहले फाइनल किया जाएगा, चाहे ट्रेन किसी भी समय रवाना हो। रेल अधिकारियों का कहना है कि इससे यात्रियों को समय रहते अपनी टिकट की स्थिति पता चल सकेगी और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सकेगा।
गौरतलब है कि पहले चार्ट ट्रेन खुलने से चार घंटे पहले बनता था, जिसे बाद में बदला गया था। अब इसमें फिर संशोधन किया गया है।

नया नियम क्या कहता है

नए नियम के मुताबिक—

  • जो ट्रेनें सुबह 5 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच रवाना होंगी, उनका पहला रिजर्वेशन चार्ट पिछली शाम 8 बजे तक तैयार हो जाएगा। पहले यह समय शाम 9 बजे का था।
  • वहीं, जो ट्रेनें दोपहर 2 बजे के बाद से अगली सुबह 5 बजे से पहले चलेंगी, उनके लिए पहला चार्ट ट्रेन खुलने से कम से कम 10 घंटे पहले बनेगा। पहले यह अवधि 8 घंटे थी।

रेल अधिकारियों ने बताया कि इस बदलाव की जानकारी रेलवे की आईटी यूनिट क्रिस (CRIS) को दे दी गई है और इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।

किन यात्रियों को होगा फायदा

इस नए नियम से खास तौर पर वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को फायदा होगा। अब उन्हें पहले ही यह स्पष्ट हो जाएगा कि उनका टिकट कन्फर्म हुआ है या नहीं, जिससे बिना जरूरत स्टेशन जाने और सामान लेकर लौटने की परेशानी से राहत मिलेगी।

Views: 209

TOTAL VISITOR: 50367955