जमशेदपुर शहर गुरुवार देर रात गोलियों की आवाज से दहल उठा। झारखंड की औद्योगिक राजधानी में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के साईं मंदिर के पास पुलिस और कुख्यात अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। यह मुठभेड़ उद्योगपति कैरव गांधी अपहरण कांड से जुड़े बदमाशों को हथियार बरामदगी के लिए घटनास्थल पर ले जाने के दौरान हुई।
रात ढाई से तीन बजे के बीच चली गोलियां
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार देर रात करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें तीनों अपराधी गोली लगने से घायल हो गए। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
घायल बदमाशों की हुई पहचान
मुठभेड़ में घायल आरोपियों की पहचान गुड्डू सिंह, मोहम्मद इमरान आलम और रमीज राजा के रूप में हुई है। तीनों बदमाश बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं और इनका आपराधिक इतिहास बेहद लंबा है। पुलिस के अनुसार, ये तीनों अपहरण और फिरौती जैसे संगीन मामलों में पहले भी शामिल रहे हैं।
हथियार बरामदगी के दौरान किया हमला
पुलिस ने बताया कि कैरव गांधी अपहरण कांड में गिरफ्तारी के बाद तीनों से पूछताछ चल रही थी। इसी दौरान उन्होंने हथियार छिपाने की जानकारी दी। पुलिस टीम जब उन्हें हथियार बरामदगी के लिए साईं मंदिर के पास ले गई, तभी बदमाशों ने मौके का फायदा उठाकर पुलिस पर हमला कर दिया।
अस्पताल में भर्ती, कड़ी सुरक्षा
मुठभेड़ के बाद घायल अपराधियों को तत्काल टीएमएच (टाटा मेन हॉस्पिटल) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल और आसपास के इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस लगातार तीनों से पूछताछ कर रही है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई संगठित अपराध पर बड़ा प्रहार है और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
पुलिस का बयान
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि ये तीनों अपराधी लंबे समय से पुलिस की रडार पर थे। इनका नेटवर्क बिहार और झारखंड के कई जिलों तक फैला हुआ है। पुलिस दोनों राज्यों में इनके संपर्कों की जांच कर रही है।
जांच जारी
पुलिस पूरे मामले की गहराई से छानबीन कर रही है। यह मुठभेड़ शहर में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
Views: 51
