शीतकालीन सत्र की शुरुआत, पहले ही दिन संसद में भारी हंगामा

शीतकालीन सत्र की शुरुआत, पहले ही दिन संसद में भारी हंगामा

संसद का शीतकालीन सत्र आज 1 दिसंबर से शुरू होते ही टकराव के तेवर दिखाने लगा है। सत्र की शुरुआत के साथ ही विपक्ष केंद्र सरकार पर कई मुद्दों को लेकर हमलावर हो गया। नेशनल हेराल्ड केस में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज नई FIR को लेकर कांग्रेस आक्रामक है और इसे “राजनीतिक प्रतिशोध” करार दे रही है। वहीं देशभर में चल रहे वोटर लिस्ट स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के विरोध में तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और डीएमके समेत कई विपक्षी दल आज सदन में जोरदार आवाज उठाने की तैयारी में हैं।

लोकसभा में हंगामा, कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित

सत्र की शुरुआत होते ही लोकसभा में जोरदार शोर-शराबा देखने को मिला। शून्यकाल में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्षी सांसदों के विरोध के बाद लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।

राज्यसभा में पीएम मोदी का संबोधन, सभापति को बधाई

राज्यसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए सभापति और देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन को पदभार संभालने पर बधाई दी। पीएम ने कहा कि राधाकृष्णन का जीवन समाजसेवा और देशहित के कार्यों को समर्पित रहा है।

‘लोकतंत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी उत्साहजनक’ — पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने हाल के बिहार विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि मतदान में माताओं-बहनों की बढ़ती भागीदारी लोकतंत्र की ताकत को और मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि दुनिया अब भारत की लोकतांत्रिक और आर्थिक शक्ति दोनों को बारीकी से देख रही है।

‘कुछ दल हार पचा नहीं पा रहे’ — प्रधानमंत्री का विपक्ष पर प्रहार

बिहार चुनाव के परिणामों को लेकर पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ दल अब तक हार स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उनके हालिया बयानों से लगता है कि “पराजय ने उन्हें अब भी परेशान कर रखा है।”

‘सत्र देशहित पर केंद्रित हो, विपक्ष रचनात्मक भूमिका निभाए’

प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि यह शीतकालीन सत्र देश के भविष्य से जुड़ी नीतियों और महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्रित होगा। उन्होंने विपक्ष से आग्रह किया कि वे हार की निराशा से बाहर निकलें और सदन में सार्थक बहस के साथ अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी निभाएं।

Views: 91

TOTAL VISITOR: 50180160