कन्नौज (यूपी): कन्नौज में एक ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर का स्कूल में दिया गया संबोधन सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद का कारण बन गया है। पुलिस वर्दी में छात्राओं के सामने दिए गए बयान को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने आपत्ति जताई, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारी को लाइन हाजिर कर दिया।
मामला ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर आफाक खान से जुड़ा है, जो सोशल मीडिया पर यातायात जागरूकता से जुड़े वीडियो के लिए जाने जाते हैं और जिनके लाखों फॉलोअर्स हैं। हाल ही में वह कन्नौज के आदर्श इंटर कॉलेज में छात्राओं को सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर जागरूक करने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने अपने संबोधन में ‘सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम’ का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस घर में बेटी पैदा होती है, वहां रहमत बरसती है।
इस कार्यक्रम का वीडियो सामने आने के बाद बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के नेताओं ने इसे धार्मिक शिक्षा से जोड़ते हुए विरोध दर्ज कराया। सोमवार को संगठनों के पदाधिकारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी करते हुए सब इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस अधीक्षक ने जब आफाक खान को तलब किया तो पता चला कि वह तीन दिन के अवकाश पर हैं। इसके बाद उन्हें लाइन हाजिर कर दिया गया। संगठनों का आरोप है कि ड्यूटी के दौरान वर्दी में इस तरह का बयान देना अनुचित है और इसकी जांच होनी चाहिए। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Views: 164
