मां से नाराज होकर घर छोड़ आई 15 वर्षीय लड़की, बोली—‘मां मुझसे प्यार नहीं करती, अब खुद कमाऊंगी’

मां से नाराज होकर घर छोड़ आई 15 वर्षीय लड़की, बोली—‘मां मुझसे प्यार नहीं करती, अब खुद कमाऊंगी’

मथुरा। किशोर मन बड़ा नाजुक होता है—थोड़ी डांट, थोड़ा गुस्सा और फिर मन में उथल-पुथल। ऐसा ही कुछ हुआ फर्रुखाबाद की 15 वर्षीय छात्रा के साथ। मां से नाराज होकर वह घर छोड़कर निकल पड़ी और मथुरा रेलवे स्टेशन तक पहुंच गई। जाने से पहले उसने घर पर एक चिट्ठी भी छोड़ी, जिसमें लिखा था—“मुझे ढूंढने की कोशिश मत करना।”

‘मां प्यार नहीं करती, अब नौकरी करूँगी’
मथुरा जंक्शन पर ‘मिशन जागृति अभियान’ के तहत गश्त कर रहे जीआरपी पुलिसकर्मियों की नजर प्लेटफॉर्म नंबर एक पर अकेली बैठी लड़की पर पड़ी। पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह फर्रुखाबाद की रहने वाली है और 11वीं कक्षा में पढ़ती है। पिता जयपुर में मजदूरी करते हैं, जबकि वह मां और भाई के साथ रहती है। लड़की ने पुलिस से कहा—“मां मुझसे प्यार नहीं करती, इसलिए मैं घर छोड़ आई हूँ। अब मैं किसी और जगह रहकर नौकरी करूंगी।”

काउंसलिंग के बाद सौंपी गई परिजनों को
जीआरपी थाना प्रभारी यादराम सिंह ने बताया कि किशोरी से बातचीत के बाद उसके परिजनों को मथुरा बुलाया गया। पुलिस ने लड़की की काउंसलिंग कर उसे समझाया कि जीवन में किसी भी परिस्थिति में घर छोड़ना समाधान नहीं है। बाद में उसे सुरक्षित रूप से परिजनों के हवाले कर दिया गया।

‘मिशन जागृति’ बना वरदान
मथुरा जंक्शन पर चल रहे ‘मिशन जागृति अभियान’ का यही मकसद है—रेलवे स्टेशनों पर असहाय, भटके या परेशान बच्चों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाना। इस अभियान की बदौलत ही एक और मासूम जिंदगी भटकने से बच गई।

संवेदनाओं से जुड़ी सीख
यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि किशोर मन को समझना और उससे संवाद बनाए रखना बेहद जरूरी है। घर की मामूली नाराजगी कभी-कभी बच्चों के लिए बड़ा कदम बन जाती है। समय पर संवाद और स्नेह ही ऐसे कदमों को रोक सकते हैं।

Views: 205