पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियां जोरों पर हैं। एक ओर महागठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान जारी है, तो दूसरी ओर NDA ने अंदरखाने बड़ी रणनीति बना ली है। एनडीए के विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक 10 से 15 सितंबर के बीच सीट शेयरिंग को लेकर पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी। यानी 15 सितंबर तक बीजेपी, जदयू, लोजपा (रामविलास), हम और रालोसपा (RLM) के बीच सीटों का फार्मूला तय हो जाएगा।
सबसे बड़ी हिस्सेदारी बीजेपी-जदयू की
सूत्रों ने बताया कि NDA में सबसे ज्यादा सीटों पर बीजेपी और जदयू ही लड़ेंगी। माना जा रहा है कि दोनों को बराबर सीटें दी जा सकती हैं। फार्मूला 101-101 सीटों का हो सकता है। इसके बाद तीसरे नंबर पर चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) को रखा गया है।
मांझी और कुशवाहा को बराबर सम्मान
जीतन राम मांझी की हम (HAM) और उपेंद्र कुशवाहा की RLM को लगभग बराबर हिस्सेदारी मिल सकती है। सूत्रों के मुताबिक दोनों को करीब 7-7 सीटें दी जा सकती हैं।
चिराग पासवान की बड़ी दावेदारी
सूत्रों का कहना है कि चिराग पासवान को 22 से 27 सीटें मिल सकती हैं। हालांकि यह संख्या अंतिम नहीं है। इसे लेकर बीजेपी और जदयू के बीच फाइनल बातचीत चल रही है।
वाइल्ड कार्ड एंट्री की तैयारी
NDA ने सीट शेयरिंग में ‘वाइल्ड कार्ड एंट्री’ की भी जगह खाली रखी है। यानी अगर कोई दल जो पहले NDA छोड़ चुका है, वह वापसी करता है तो उसके लिए भी गुंजाइश बनी रहेगी।
15 सितंबर तक ऐलान तय
सूत्रों का कहना है कि 15 सितंबर तक सीटों पर अंतिम फैसला हो जाएगा और फिर आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा भी कर दी जाएगी। अगर ऐसा होता है तो महागठबंधन के लिए यह बड़ी चुनौती साबित हो सकती है, क्योंकि NDA पहले से ही चुनावी मैदान में मजबूत स्थिति बनाने की कोशिश में जुटा है।
Views: 124
