नीतीश कुमार के बेटे की एंट्री! विपक्ष पर लगाया वादों की नकल का आरोप

नीतीश कुमार के बेटे की एंट्री! विपक्ष पर लगाया वादों की नकल का आरोप

पटना: बिहार की सियासत में पहली बार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने खुलकर अपनी बात रखी है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की “वोटर अधिकार यात्रा” पर प्रतिक्रिया देते हुए निशांत ने दो टूक कहा कि “जो लोग आज यात्रा निकाल रहे हैं, उन्हें पहले ये देखना चाहिए कि 20 साल से मेरे पिता सरकार चला रहे हैं। क्या उनकी हर योजना की नकल ही राजनीति का नया तरीका बन गया है?”

इलेक्शन कमीशन पर छोड़ा फैसला

निशांत ने एक परिपक्व नेता की तरह यह भी कहा कि चुनाव से जुड़े मामलों पर निर्णय लेना चुनाव आयोग का काम है। उन्होंने कहा कि आयोग को ही देखना है कि यात्राओं और अभियानों में क्या सही है और क्या गलत।

रोजगार और कल्याण योजनाओं का हवाला

निशांत कुमार ने आगे नीतीश सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि हमने पहले 50 लाख रोजगार देने का वादा किया था और अब 1 करोड़ रोजगार सृजित करने का लक्ष्य रखा है। इसमें सरकारी नौकरी और निजी क्षेत्र दोनों शामिल होंगे।

उन्होंने जातीय जनगणना का हवाला देते हुए कहा कि इसके आधार पर 94 लाख गरीब परिवारों को 2 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। साथ ही, वृद्धा, विधवा और विकलांग पेंशन 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी गई है।

बिजली में बड़ी राहत

निशांत ने दावा किया कि बिहार में अब 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त है। इससे लगभग 90% उपभोक्ताओं को बिल चुकाने की जरूरत ही नहीं पड़ रही है।

नया राजनीतिक संकेत?

विशेषज्ञ मानते हैं कि अब तक राजनीति से दूरी बनाए रखने वाले निशांत कुमार की यह प्रतिक्रिया इस बात का संकेत हो सकती है कि वे धीरे-धीरे सक्रिय राजनीति में उतरने का मन बना रहे हैं।

Views: 155

TOTAL VISITOR: 50369407