भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता: अमेरिकी मुख्य वार्ताकार ब्रेंडन लिंच आज दिल्ली पहुंचेंगे

भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता: अमेरिकी मुख्य वार्ताकार ब्रेंडन लिंच आज दिल्ली पहुंचेंगे

नई दिल्ली: भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) पर नई शुरुआत होने जा रही है। अमेरिका के मुख्य व्यापार वार्ताकार ब्रेंडन लिंच सोमवार देर रात भारत पहुंचेंगे और मंगलवार को एक दिवसीय वार्ता में शामिल होंगे। वाणिज्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि यह बैठक बीटीए पर छठे दौर की आधिकारिक वार्ता नहीं होगी, बल्कि उससे पहले की तैयारी और संभावनाओं पर केंद्रित होगी।

भारत की ओर से मुख्य वार्ताकार और वाणिज्य मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश अग्रवाल ने बताया कि दोनों देश ऑनलाइन माध्यम से नियमित रूप से चर्चा करते रहे हैं, लेकिन हाल के दिनों में प्रगति रुक गई थी। उन्होंने कहा, “अब माहौल थोड़ा अनुकूल हुआ है और हमें संभावनाएं दिख रही हैं। यह बातचीत समझौते की दिशा तय करने में मदद करेगी।”

दरअसल, अमेरिकी प्रशासन द्वारा लगाए गए 50 प्रतिशत तक ऊंचे टैरिफ से भारत का निर्यात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। यही वजह रही कि बीटीए की प्रगति धीमी पड़ गई थी। हालांकि, पिछले हफ्ते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सोशल मीडिया पर आए सकारात्मक संदेशों ने वार्ता का माहौल सुधारा है।

विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिका का रुख भी हाल के हफ्तों में बदला है। ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध और तेल से जुड़े प्रतिबंधों को यूरोप की समस्या बताते हुए भारत के प्रति नरमी दिखाई। वहीं भारत ने रूस के साथ रिश्ते मजबूत करने, चीन के साथ संबंधों में सुधार की कोशिश और ब्रिटेन के साथ एफटीए साइन कर अपने कूटनीतिक विकल्प स्पष्ट कर दिए हैं।

ब्रेंडन लिंच अमेरिका की व्यापार नीति को एशिया के 15 देशों में लागू करने की देखरेख करते हैं और भारत-अमेरिका व्यापार नीति मंच (टीपीएफ) से जुड़े अहम फैसलों में भूमिका निभाते हैं। उनकी इस यात्रा को दोनों देशों के बीच अटके हुए व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

कूटनीतिक सूत्रों का मानना है कि यदि बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ती है तो सितंबर-अक्टूबर तक समझौते के पहले चरण को पूरा करने की संभावना बन सकती है।

Views: 124