एनडीए बनाम इंडिया गठबंधन: सम्राट चौधरी और भाजपा प्रवक्ता ने साधा विपक्ष पर निशाना

एनडीए बनाम इंडिया गठबंधन: सम्राट चौधरी और भाजपा प्रवक्ता ने साधा विपक्ष पर निशाना

पटना। बिहार की राजनीति में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन केरल से लेकर कश्मीर तक लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तोड़कर सिर्फ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, एनडीए और बिहार की अस्मिता पर ही हमला नहीं कर रहा है, बल्कि यह भारत की आत्मा पर भी वार कर रहा है।

सम्राट चौधरी ने कहा कि अशोक स्तम्भ और सम्राट अशोक न केवल बिहार बल्कि पूरे भारत की गौरवशाली विरासत हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि बिहार और भारत की जनता इस तरह के अपमान को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।

इधर, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अजय आलोक ने राजद नेता तेजस्वी यादव के हालिया बयान पर पलटवार किया। तेजस्वी यादव ने डबल इंजन सरकार पर तंज कसते हुए सोशल मीडिया पोस्ट किया था। इसके जवाब में अजय आलोक ने कहा, “9वीं फेल की बातों पर ज्यादा ध्यान नहीं देना चाहिए।”

उन्होंने तेजस्वी यादव के आरोपों को खारिज करते हुए इसे गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी बताया। साथ ही दावा किया कि एनडीए सरकार ने बिहार में विकास और सुशासन को प्राथमिकता दी है, जबकि राजद शासन काल में जंगलराज और भ्रष्टाचार का बोलबाला रहा।

राजनीतिक गलियारों में यह बयानबाजी आने वाले दिनों में और तेज होने की संभावना है, क्योंकि बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही एनडीए और इंडिया गठबंधन के बीच सियासी टकराव और बढ़ने वाला है।

Views: 190