लखीसराय, 14 अक्टूबर 2025 – बिहार के एक सरकारी विद्यालय में ज्ञान और अनुशासन का पाठ पढ़ाने वाला शिक्षक चंदन कुमार अब विवादों में घिर गया है। आरोप है कि उसने एक शादीशुदा शिक्षिका को प्रेम जाल में फंसाकर शारीरिक संबंध बनाए और फिर उनके आपत्तिजनक वीडियो व फोटो वायरल कर दिए।
प्रेम जाल में फंसा कर किया अश्लील वीडियो वायरल
लखीसराय के नया बाजार निवासी चंदन कुमार ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में प्रशिक्षण के दौरान शादीशुदा शिक्षिका से संपर्क किया। उसने विभागीय कार्य और ट्रांसफर में मदद का प्रलोभन देकर उन्हें प्रेम जाल में फंसाया। बाद में जब शिक्षिका ने दूरी बनानी शुरू की, तो आरोपी ने शिक्षिका के अश्लील वीडियो और फोटो उनके पति को भेजे और सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिए।
धमकियों का सिलसिला, पुलिस में दर्ज हुई शिकायत
पीड़िता शिक्षिका और उनके पति ने 9 अक्टूबर को आरोपी के घर जाकर उसके परिजनों से शिकायत की। आरोप है कि चंदन के पिता और भाई ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। परेशान शिक्षिका ने कबैया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी चंदन कुमार को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस का बयान
थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया, “शिक्षिका की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच जारी है और जल्द ही कार्रवाई पूरी होगी।”
यह मामला शिक्षा विभाग और समाज दोनों के लिए चिंता का विषय है, जहां शिक्षक द्वारा अनुशासन और नैतिकता की अवहेलना ने बड़ा सवाल खड़ा किया है।
Views: 151
