कटिहार, बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को सीमांचल क्षेत्र में बड़ा झटका लगा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिवंगत पूर्व विधायक अब्दुल जलील के बेटे सैयद आलम उर्फ पिंकू ने राजद से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे के दौरान उन्होंने पार्टी नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि राजद ने उनके परिवार और कार्यकर्ताओं के साथ नाइंसाफी की है।
सैयद आलम ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा —
“पार्टी का झोला मेरा बाप भी ढोया और हमलोग भी ढोते रहे, लेकिन पार्टी ने हमारी पीठ और सीने पर खंजर भोंकने का काम किया है। राजद ने सीमांचल के मुसलमानों का विश्वास खो दिया है।”
उन्होंने साफ कहा कि वे कोई मामूली कार्यकर्ता नहीं हैं, बल्कि नेतृत्व की भूमिका चाहते थे। आलम ने कहा कि पार्टी अब अपने ही लोगों की कुर्बानियों को भूल चुकी है। भावुक होते हुए उन्होंने कहा —
“जब तक जिंदा रहूंगा, राजद में कभी नहीं जाऊंगा। मैं ऐसी पार्टी पर थूकता हूं जिसने अपने कार्यकर्ताओं की कद्र नहीं की।”
तेजस्वी यादव पर सीधा हमला बोलते हुए सैयद आलम ने आरोप लगाया कि कटिहार में टिकट बंटवारे में भारी भ्रष्टाचार हुआ। उन्होंने दावा किया —
“मुझे राम प्रकाश ने कॉल करके बताया कि मुकेश सहनी के जरिए टिकट के लिए तीन करोड़ रुपये मांगे गए। ऐसे आप सरकार बनाना चाहते हैं?”
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, सैयद आलम का यह फैसला कदवा क्षेत्र में राजद के सियासी समीकरण को प्रभावित कर सकता है। क्षेत्र में आलम के समर्थकों की अच्छी-खासी संख्या मानी जाती है, जिससे सीमांचल में पार्टी को चुनावी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
Views: 125
