GAMA इंटरनेशनल फाइटिंग चैंपियनशिप में एक पाकिस्तानी फाइटर को मात्र 90 सेकंड में हराकर इतिहास रच चुके हैं।
नई दिल्ली। कॉमनवेल्थ हैवीवेट चैंपियन और भारत के जाने-माने पहलवान संग्राम सिंह ने 40 वर्ष की उम्र में मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) में वापसी का ऐलान करके सबको चौंका दिया है। वह जल्द ही पोलैंड में होने वाले एक अंतरराष्ट्रीय MMA टूर्नामेंट में 83-90 किलोग्राम वेट कैटेगरी में हिस्सा लेंगे।
यह वापसी इसलिए खास है क्योंकि संग्राम सिंह दुनिया के पहले ऐसे MMA फाइटर बन गए हैं जो 40 साल की उम्र में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मुकाबला लड़ने जा रहे हैं। इससे पहले वह जॉर्जिया के तिब्लिसी में हुए GAMA इंटरनेशनल फाइटिंग चैंपियनशिप में एक पाकिस्तानी फाइटर को मात्र 90 सेकंड में हराकर इतिहास रच चुके हैं।
उम्र नहीं, आत्मा की जीत है असली जीत
संग्राम सिंह ने अपने बयान में कहा, “उम्र केवल एक संख्या है, जब आपकी आत्मा हार मानने से इनकार कर दे। मैं उस ऑक्टागन में सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि उन सभी के लिए लड़ता हूं जो सोचते हैं कि उनका वक्त खत्म हो गया है। पोलैंड का टूर्नामेंट मेरे जीवन का दूसरा अध्याय है, आखिरी नहीं।”
शाकाहारी डाइट है ‘सुपरपावर’
रोहतक में जन्मे संग्राम सिंह की जिंदगी संघर्षों से भरी रही है। बचपन में वह रूमेटाइड आर्थराइटिस के कारण व्हीलचेयर पर आ गए थे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। आज वह फिट इंडिया मूवमेंट के सच्चे प्रतीक बन चुके हैं।
अपनी डाइट के बारे में उन्होंने कहा, “मेरी शाकाहारी जीवनशैली मेरी सीमा नहीं, मेरी सुपरपावर है। दाल, सब्जी, घी और अश्वगंधा ही मेरी ताकत हैं। ये मुझे न सिर्फ शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि मेरे मिशन को भी ताकत देते हैं कि भारतीय परंपराएं वैश्विक मंच पर छा सकती हैं।”
युवा एथलीटों को दी प्रेरणा
संग्राम सिंह का कहना है कि उनका यह मुकाबला सिर्फ व्यक्तिगत लक्ष्य नहीं, बल्कि वैश्विक खेल समुदाय के लिए एक संदेश है। उन्होंने कहा, “मैं चाहता हूं कि 25 साल का वह युवा, जो सोचता है कि उसके सपने खत्म हो गए हैं, मुझे 40 की उम्र में लड़ते देखे और समझे कि उसकी असली यात्रा अब शुरू हो रही है।”
आधुनिक और पारंपरिक तकनीकों का मेल
अपनी तैयारी के बारे में संग्राम ने बताया कि वह भारतीय पारंपरिक कुश्ती तकनीकों और आधुनिक MMA ट्रेनिंग का संयोजन कर रहे हैं। आने वाले हफ्तों में पोलैंड टूर्नामेंट के बाकी विवरण और उनके प्रतिद्वंद्वी की घोषणा की जाएगी।
Views: 186
