रिनपास ने पूरे किए 100 साल: जारी हुआ विशेष डाक टिकट

रिनपास ने पूरे किए 100 साल: जारी हुआ विशेष डाक टिकट

रांची। झारखंड की राजधानी रांची स्थित प्रतिष्ठित मानसिक स्वास्थ्य संस्थान रिनपास (रांची इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरो-साइकियाट्री एंड एलाइड साइंसेज) ने अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस ऐतिहासिक अवसर पर गुरुवार को तीन दिवसीय शताब्दी समारोह की भव्य शुरुआत हुई, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया।

रिनपास 100 इयर्स: लेगेसी ऑफ केयर, सेंचुरी ऑफ हीलिंग” थीम पर आधारित इस आयोजन में भारत सरकार की ओर से विशेष डाक टिकट भी जारी किया गया, जो संस्थान की सेवाओं और उपलब्धियों को राष्ट्रीय पहचान देता है।

समारोह के दौरान मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से टेली-मानसिक स्वास्थ्य सेवा और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आधारित परामर्श सुविधा की भी शुरुआत की गई। इससे राज्यभर के दूरदराज़ के मरीजों को विशेषज्ञों से परामर्श लेने में आसानी होगी।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस अवसर पर रिनपास की ऐतिहासिक यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान ने मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक सदी तक सेवा देकर समाज में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने संस्थान को और बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

तीन दिवसीय इस समारोह में देशभर के मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ, शोधकर्ता और गणमान्य अतिथि हिस्सा ले रहे हैं, जो रिनपास की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर विचार-विमर्श करेंगे।

Views: 132

TOTAL VISITOR: 50369438