भारत पर अमेरिकी टैरिफ का चीन ने किया कड़ा विरोध, राजदूत बोले- “चुप रहना दबंग को और हौसला देगा”

भारत पर अमेरिकी टैरिफ का चीन ने किया कड़ा विरोध, राजदूत बोले- “चुप रहना दबंग को और हौसला देगा”

भारत पर अमेरिकी टैरिफ़ को लेकर चीन ने सख़्त आपत्ति जताई है। भारत में चीन के राजदूत शू फ़ेहॉन्ग ने गुरुवार को बयान दिया कि अमेरिका व्यापार को दबाव और सौदेबाज़ी का हथियार बना रहा है। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने हमेशा फ़्री ट्रेड से लाभ उठाया है, लेकिन अब वह टैरिफ़ लगाकर दूसरे देशों से “ज्यादा कीमत वसूलने” की रणनीति अपना रहा है।

राजदूत ने अमेरिका की तुलना एक “बुली” (दबंग) से करते हुए कहा कि अगर ऐसे कदमों पर चुप्पी साधी गई तो यह दबंगई और बढ़ेगी। उन्होंने कहा, “अमेरिका ने भारत पर 50 फ़ीसदी तक का टैरिफ़ लगाया है और इसे और बढ़ाने की धमकी भी दी है। चीन इसका दृढ़ता से विरोध करता है। चुप रहने से दबंग को और हौसला मिलता है।”

गौरतलब है कि इस महीने की शुरुआत में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 25 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाया था। बाद में यह कहते हुए इसे और 25 फ़ीसदी बढ़ा दिया कि भारत रूस से तेल और हथियार खरीदकर अप्रत्यक्ष रूप से यूक्रेन युद्ध में रूस की मदद कर रहा है। यह नई दरें 27 अगस्त से लागू होंगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि भारत पर अमेरिकी टैरिफ़ का असर भारतीय उद्योग और निर्यात पर पड़ेगा, वहीं चीन के समर्थन के संकेत भारत के लिए नई कूटनीतिक संभावनाएँ खोल सकते हैं। चीन लगातार यह संदेश दे रहा है कि एशिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं को मिलकर अमेरिकी दबाव का सामना करना चाहिए।

भारत और चीन के बीच हाल के वर्षों में रिश्तों में तनाव रहा है, लेकिन इस मुद्दे पर चीन ने खुलकर भारत का पक्ष लिया है। शू फ़ेहॉन्ग ने कहा कि चीन और भारत को आपसी साझेदारी मज़बूत करनी चाहिए ताकि किसी तीसरे देश के दबाव का सामना किया जा सके।

Views: 230

TOTAL VISITOR: 50248208