‘एक घर में 947 वोटर’, राहुल गांधी का आरोप; निर्वाचन आयोग ने तुरंत किया खंडन

पटना/नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बिहार की मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए गुरुवार को निर्वाचन आयोग पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि गया जिले के बोधगया क्षेत्र के निदानी गांव में पूरे गांव के मतदाताओं को चुनाव आयोग ने एक ही घर में दिखा दिया है।

राहुल गांधी इन दिनों बिहार में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ निकाल रहे हैं। इसी बीच उन्होंने अपनी पार्टी का सोशल मीडिया पोस्ट साझा करते हुए लिखा –“निर्वाचन आयोग का जादू देखिए, एक पूरा गांव एक घर में बस गया है।”

कांग्रेस का आरोप

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बोधगया के बाराचट्टी विधानसभा क्षेत्र (बूथ नंबर 161) की मतदाता सूची में 947 वोटर मकान नंबर 6 में दर्ज हैं।पार्टी ने सवाल उठाया कि जब गांव में सैकड़ों घर मौजूद हैं तो आखिर सभी वोटरों को एक ही घर में क्यों दिखाया गया?कांग्रेस ने यह भी कहा कि BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) ने आखिर किस तरह डोर-टू-डोर वेरिफिकेशन किया?

मकान नंबर गायब कर देने से फर्जी वोटर और डुप्लीकेट नाम छिपाने में आसानी होती है।

आयोग का जवाब

राहुल गांधी के आरोपों के कुछ ही देर बाद निर्वाचन आयोग हरकत में आ गया और बयान जारी कर इस दावे का खंडन किया। बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने गया जिलाधिकारी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से स्पष्टीकरण साझा करते हुए कहा कि आरोपों में कोई तथ्य नहीं है।

सियासी बवाल तेज

राहुल गांधी के बयान से बिहार की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस इसे पारदर्शिता पर हमला बता रही है, जबकि निर्वाचन आयोग का कहना है कि मतदाता सूची में कोई गड़बड़ी नहीं है।

Views: 164

TOTAL VISITOR: 50368869