पहले चरण का प्रचार थमा, तेजस्वी यादव ने की बड़ी घोषणाएं — बोले, “बिहार को मिलेंगे 4 डिप्टी सीएम”

पहले चरण का प्रचार थमा, तेजस्वी यादव ने की बड़ी घोषणाएं — बोले, “बिहार को मिलेंगे 4 डिप्टी सीएम”

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का चुनाव प्रचार आज शाम 5 बजे आधिकारिक तौर पर थम गया है। अब बारी मतदाताओं की है, जो 6 नवंबर को मतदान के जरिए तय करेंगे कि अगली सरकार किसकी होगी। प्रचार थमने से ठीक पहले, राजद नेता और महागठबंधन के सीएम उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई बड़े वादे कर सियासी माहौल गर्मा दिया।

तेजस्वी यादव ने कहा कि अगर महागठबंधन की सरकार बनी, तो बिहार को इस बार चार उपमुख्यमंत्री (डिप्टी सीएम) मिलेंगे — जिनमें पिछड़ी और अतिपिछड़ी जातियों से एक-एक डिप्टी सीएम होंगे। उन्होंने दावा किया कि जनता ने बदलाव का मन बना लिया है और इस बार “वर्तमान सरकार को उखाड़ फेंकने” का संकल्प ले लिया है।

महिलाओं के लिए ‘माई-बहन सम्मान योजना’

तेजस्वी यादव ने घोषणा की कि उनकी सरकार बनने पर मकर संक्रांति (14 जनवरी) के दिन “माई बहन सम्मान योजना” के तहत राज्य की महिलाओं के खाते में एक साल का ₹30,000 सीधे ट्रांसफर किया जाएगा।

सरकारी कर्मचारियों के लिए नई ट्रांसफर नीति

तेजस्वी ने कहा कि पुलिस और अन्य सरकारी कर्मचारियों का तबादला उनके होम डिस्ट्रिक्ट से 70 किलोमीटर के दायरे में किया जाएगा, ताकि उन्हें कार्य के दौरान “अनावश्यक तनाव” से मुक्ति मिले।

किसानों को फ्री बिजली और बोनस का वादा

किसानों को लुभाने के लिए तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी सरकार आने पर

  • धान की MSP पर ₹300 अतिरिक्त बोनस दिया जाएगा,
  • गेहूं की MSP पर ₹400 बोनस,
  • और खेती के लिए फ्री बिजली दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि अभी राज्य सरकार किसानों से बिजली के लिए 55 पैसा प्रति यूनिट वसूलती है, जिसे महागठबंधन सरकार पूरी तरह खत्म करेगी। साथ ही, पैक्स अध्यक्षों को “माननीय” का दर्जा देने की भी घोषणा की गई।

Views: 91

TOTAL VISITOR: 50219356