दिल्ली में लाल किला के पास कार विस्फोट, राजधानी दहली — 9 की मौत, कई घायल

दिल्ली में लाल किला के पास कार विस्फोट, राजधानी दहली — 9 की मौत, कई घायल

नई दिल्ली, 11 नवंबर 2025:
देश की राजधानी दिल्ली सोमवार शाम एक बार फिर दहल उठी जब ऐतिहासिक लाल किला के पास एक तेज़ धमाका हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह विस्फोट एक Hyundai i20 कार में हुआ, जिससे आसपास का इलाका आग की लपटों में घिर गया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों को पास के एलएनजेपी और अरुणा आसफ अली अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना जोरदार था कि आसपास खड़ी गाड़ियों के शीशे टूट गए और क्षेत्र में भगदड़ मच गई। कुछ ही मिनटों में दिल्ली पुलिस, अग्निशमन विभाग और एनएसजी की टीमें मौके पर पहुँच गईं। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में विस्फोटक पदार्थ का इस्तेमाल होने की आशंका जताई गई है। एनआईए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) ने भी मौके का निरीक्षण किया है और फोरेंसिक टीम को सैंपल लेने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि UAPA और विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की जा चुकी है।

इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों को “सभी कोणों से गहन जांच” के निर्देश दिए हैं।

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने इस हादसे को लेकर गहरी संवेदना जताई है। उन्होंने कहा – “दिल्ली में लाल किला जैसे ऐतिहासिक और संवेदनशील स्थल के पास इस तरह का विस्फोट बेहद चिंताजनक और पीड़ादायक है। जिन परिवारों ने अपने निर्दोष प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति हम गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।

तेजस्वी यादव ने आगे कहा —

“राष्ट्रीय सुरक्षा के मामले में — चाहे पुलवामा हो या पहलगाम — हम सदैव सरकार के साथ खड़े रहे हैं। लेकिन अब वक्त है कि केंद्र सरकार गहन, पारदर्शी और निष्पक्ष जांच कर जनता को आश्वस्त करे और दोषियों को कठोरतम सजा दिलाए। आखिर कब तक भारतीय डर के साए में रहेंगे?”इस बीच, दिल्ली पुलिस, एनआईए, और एनएसजी की टीमें जांच में जुटी हुई हैं।

मेट्रो स्टेशनों, रेलवे स्टेशन, और प्रमुख बाजारों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। संवेदनशील इलाकों में तलाशी अभियान चल रहा है और लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।राजधानी के इस हादसे ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच एजेंसियाँ घटना की हर संभावित दिशा में पड़ताल कर रही हैं।देशवासी इस उम्मीद में हैं कि जल्द ही इस हमले के पीछे की सच्चाई सामने आएगी और दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलेगी।जय हिंद! 🇮🇳

Views: 191

TOTAL VISITOR: 50219404