स्पेन के टेनिस स्टार कार्लोस अल्कारेज़ ने इटली के यानिक सिनर को हराकर यूएस ओपन का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में अल्कारेज़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिनर को 6-2, 3-6, 6-1, 6-4 से मात दी।
डेढ़ घंटे से ज्यादा चले इस रोमांचक मैच में अल्कारेज़ की तेज़ सर्विस और आक्रामक अंदाज़ ने सिनर को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया। इस जीत के साथ अल्कारेज़ विश्व के नंबर-वन खिलाड़ी बन गए हैं।
सबसे युवा दिग्गजों की सूची में शामिल
22 वर्षीय अल्कारेज़ अब तक छह ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुके हैं। वह इस मुकाम तक पहुंचने वाले ब्योर्न बोर्ग के बाद दूसरे सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं।
ट्रंप की मौजूदगी ने खींचा ध्यान
फाइनल मुकाबले की एक और बड़ी चर्चा का विषय रहे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जो यह मैच देखने के लिए पहुंचे। उनकी मौजूदगी के चलते सुरक्षा इंतज़ाम कड़े किए गए, जिसके कारण मैच की शुरुआत करीब आधा घंटा देरी से हुई।
स्टेडियम के बाहर स्कैनर और अतिरिक्त चेकिंग के कारण दर्शकों की लंबी कतारें लग गईं। ट्रंप को दर्शकों की ओर से तालियों और हूटिंग का मिला-जुला स्वागत मिला।
ट्रंप पिछले 25 वर्षों में यूएस ओपन में शामिल होने वाले पहले मौजूदा अमेरिकी राष्ट्रपति बने।
Views: 94
