दुर्गा पूजा का भव्य आयोजन : 150 करोड़ की लागत से सज रहा मां का दरबार, चकाचौंध पंडालों से खिलेगी राजधानी

दुर्गा पूजा का भव्य आयोजन : 150 करोड़ की लागत से सज रहा मां का दरबार, चकाचौंध पंडालों से खिलेगी राजधानी

राजधानी रांची इस बार दुर्गा पूजा की रंगीनियों से पूरी तरह सराबोर होने जा रही है। शहर में चारों ओर तैयारियों का जोर–शोर है और विभिन्न पूजा समितियां एक से बढ़कर एक भव्य पंडाल और आकर्षक थीम तैयार कर रही हैं। इस साल पूजा का बजट राजधानी और जिले दोनों में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। अनुमान है कि रांची जिले में करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से मां का दरबार सजाया जाएगा, जिसमें पंडाल निर्माण, मूर्ति निर्माण, लाइटिंग और प्रबंधन से जुड़े तमाम खर्च शामिल हैं।

375 स्थानों पर होगा आयोजन

प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, रांची जिला दुर्गा पूजा समिति से 135 से अधिक पूजा समितियां सीधे तौर पर जुड़ी हुई हैं। इसके अलावा ग्रामीण और औद्योगिक क्षेत्रों की लगभग 240 समितियां भी इस महोत्सव का हिस्सा हैं। यानी पूरे जिले में कुल 375 जगहों पर दुर्गा पूजा का आयोजन होगा। इन सभी समितियों ने मिलकर इस बार लगभग 60 करोड़ रुपये केवल पंडाल निर्माण पर खर्च करने का निर्णय लिया है।

खर्च का ब्योरा

पूरे आयोजन में 20 करोड़ रुपये मूर्ति निर्माण पर, 30 करोड़ रुपये लाइटिंग पर और करीब 40 करोड़ रुपये पूजा प्रबंधन व सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर खर्च होने का अनुमान है। इन खर्चों को मिलाकर कुल बजट लगभग 150 करोड़ रुपये तक पहुंचता है, जो रांची में दुर्गा पूजा के प्रति लोगों की आस्था और भव्यता दोनों को दर्शाता है।

सबसे महंगे पंडाल

राजधानी में हर बार की तरह इस बार भी कई पंडाल अपनी भव्यता और आकर्षण के लिए चर्चा में हैं।

श्रीरामलला दुर्गा पूजा समिति सबसे महंगे पंडाल का निर्माण कर रही है। यहां करीब 90 लाख रुपये की लागत से भव्य पंडाल तैयार हो रहा है। पूरे आयोजन पर लगभग 1 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

भारतीय युवक संघ, बकरी बाजार भी पीछे नहीं है। यहां लगभग 70 लाख रुपये में पंडाल निर्माण हो रहा है और कुल खर्च 90 लाख रुपये तक पहुंचने की संभावना है।

इसके अलावा रांची रेलवे स्टेशन में 60 लाख रुपये, हरमू पंच मंदिर में 70 लाख रुपये और आरआर स्पोर्टिंग क्लब में लगभग 78 लाख रुपये की लागत से भव्य आयोजन किया जा रहा है।

थीम आधारित पंडालों की धूम

रांची की कई समितियां इस साल देश–विदेश के मंदिरों की झलक पेश करने वाले पंडाल बना रही हैं। कहीं दक्षिण भारत के मंदिरों की प्रतिकृति तैयार हो रही है तो कहीं विदेशी स्थापत्य कला का प्रभाव देखने को मिलेगा। साथ ही थीम आधारित पंडाल भी इस बार बड़ी संख्या में बन रहे हैं, जिनमें पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक संदेश और आधुनिक तकनीक का शानदार मेल देखने को मिलेगा।

रोशनी से जगमगाएगी राजधानी

पूरे शहर में 30 करोड़ रुपये की लागत से लाइटिंग की विशेष व्यवस्था की जा रही है। इस बार लेज़र शो, 3डी लाइटिंग और स्मार्ट इफेक्ट्स के जरिए पूजा पंडाल और भी आकर्षक बनेंगे।

उत्साह चरम पर

भव्य पंडालों और मूर्तियों के बीच श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन करेंगे। साथ ही, सांस्कृतिक कार्यक्रम, झांकी और सामूहिक आरती माहौल को और भी दिव्य बनाएगी। रांची में इस बार दुर्गा पूजा सिर्फ धार्मिक आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि भव्यता, कला और संस्कृति का अद्भुत संगम बनकर सामने आएगी।

Views: 344

TOTAL VISITOR: 50312709