दरभंगा। बिहार के दरभंगा जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सकतपुर थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय मधुपुर में कार्यरत प्रभारी प्रिंसिपल और बीएलओ राजेश कुमार ठाकुर की गुरुवार की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। राजेश कुमार घर लौट रहे थे तभी अपराधियों ने उन पर घात लगाकर फायरिंग कर दी।
घटना कैसे हुई?
जानकारी के मुताबिक, वारदात उस वक्त हुई जब राजेश कुमार विद्यालय से करीब 200 मीटर दूर गंगौली वार्ड नंबर 6 में पोखर के पास पहुंचे। तभी अपराधियों ने उन पर गोली चला दी, जो सीने और पेट में लगी। गंभीर रूप से घायल राजेश ने हिम्मत दिखाते हुए बाइक से आगे बढ़ने की कोशिश की, लेकिन थोड़ी दूरी पर गिर पड़े। स्थानीय ग्रामीणों और शिक्षकों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां से डीएमसीएच रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
प्रेम-प्रसंग से जुड़ा विवाद
मृतक के भाई मुकेश कुमार ने दावा किया कि राजेश का विद्यालय की एक महिला शिक्षिका से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। वह शिक्षिका शादीशुदा है और इसी संबंध से नाराज़ होकर उसके पति ने हत्या की धमकी भी दी थी। मुकेश ने आशंका जताई कि हत्या के पीछे शिक्षिका के पति का हाथ हो सकता है।
एक दिन बाद थी नई पोस्टिंग
राजेश कुमार मूल रूप से मधुबनी जिले के सुगापट्टी गांव के रहने वाले थे। वे अविवाहित थे और 3-4 साल पहले BPSC से TRE-1 के तहत शिक्षक बने थे। उनकी हाल ही में ट्रांसफर हो चुकी थी और शुक्रवार को उन्हें नए विद्यालय में जॉइन करना था।
पुलिस जांच में जुटी
सकतपुर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिक्षक को अस्पताल भिजवाया गया। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और शीघ्र ही पूरे कांड का उद्भेदन किया जाएगा।
Views: 188
