नई दिल्ली | BharatPrime.com
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को देश को संबोधित करते हुए जीएसटी सुधारों और स्वदेशी अभियान पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जीएसटी ने गरीब, किसान, मजदूर और छोटे व्यापारियों के जीवन को आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है और अब समय आ गया है कि हर भारतीय स्वदेशी उत्पादों को अपनाए।
मोदी ने कहा – “भाइयों और बहनों, हमें गर्व से कहना चाहिए – मैं स्वदेशी खरीदता हूँ। जब हर भारतीय स्वदेशी अपनाएगा, तभी भारत विकसित राष्ट्र बनेगा। हमें स्वदेशी का माहौल बनाना है और आत्मनिर्भर भारत को आगे बढ़ाना है।”
जीएसटी सुधार का असर
प्रधानमंत्री ने याद दिलाया कि 2014 से पहले भारत की टैक्स व्यवस्था बेहद जटिल थी। बेंगलुरु से हैदराबाद तक माल भेजना आसान नहीं था। हर जगह टैक्स और टोल के जाल ने कंपनियों को परेशान कर रखा था। लाखों कंपनियां इस व्यवस्था से जूझती थीं और आखिरकार आम जनता को महंगे दाम चुकाने पड़ते थे।
मोदी ने कहा कि जनता के आशीर्वाद और राज्यों के सहयोग से देश में गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (जीएसटी) लागू किया गया। अब “वन नेशन, वन टैक्स” व्यवस्था को और सरल बनाते हुए नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी शुरू किया गया है।
? नई व्यवस्था के तहत अब जीएसटी दरें केवल 5% से 18% तक सीमित रहेंगी।
? जिन वस्तुओं पर पहले 12% टैक्स लगता था, उनमें से 99% अब 5% श्रेणी में आ चुकी हैं।
? इससे रोजमर्रा की ज़रूरतों की वस्तुएं सस्ती होंगी और गरीब से लेकर मध्यम वर्ग तक सभी को फायदा होगा।
टैक्स राहत और नया मध्यम वर्ग
मोदी ने बताया कि सरकार ने इस साल 12 लाख रुपये तक की आय पर टैक्स छूट दी है। इसका सीधा लाभ युवाओं, परिवारों और नए मध्यम वर्ग को मिलेगा। उन्होंने कहा कि भारत के 25% गरीब अब गरीबी से बाहर निकलकर नया मिडिल क्लास बना रहे हैं और यह नया वर्ग देश की आर्थिक ताकत बनेगा।
स्वदेशी से विकसित भारत
मोदी ने कहा – “जब हम गर्व से कहेंगे कि मैं स्वदेशी खरीदता हूँ, तभी सही मायनों में आत्मनिर्भर भारत बनेगा। स्वदेशी को अपनाना सिर्फ आर्थिक नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण का संकल्प है। हमें अपने उत्पादों पर गर्व करना है और ‘मेड इन इंडिया’ को दुनिया तक पहुंचाना है।”
प्रधानमंत्री ने अंत में कहा कि जीएसटी सुधार न केवल टैक्स की जटिलताओं को खत्म कर रहे हैं बल्कि यह बचत का नया दौर शुरू कर रहे हैं। उन्होंने इसे “जीएसटी बचत सुधार” की शुरुआत बताते हुए सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
“मैं सभी देशवासियों को जीएसटी बचत सुधार की शुभकामनाएं देता हूँ। यह सुधार सिर्फ टैक्स का नहीं, बल्कि हर घर की खुशहाली का है। इस बार दीवाली पर हर घर में मिठास होगी और स्वदेशी अपनाकर हम विकसित भारत की ओर बढ़ेंगे।” – प्रधानमंत्री मोदी
Views: 197
