फरीदाबाद में पति-पत्नी के रिश्ते में विवाद इस कदर बढ़ गया कि मामला अपहरण तक पहुंच गया। गत 27 जून को बाटा मेट्रो स्टेशन के पास से एक महिला को हथियार दिखाकर अगवा कर लिया गया। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी।
महिला के पिता शैलेश कुमार निवासी सुभाष कॉलोनी ने थाना सेंट्रल पुलिस को शिकायत दी थी कि उनकी बेटी को जबरन गाड़ी में डालकर ले जाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान सामने आया कि महिला और आरोपी आपस में पति-पत्नी हैं। दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। यही वजह थी कि दोनों अलग-अलग रह रहे थे और कोर्ट में तलाक का मामला भी विचाराधीन था।
थाना सेंट्रल पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी पति लखन निवासी भुलवाना, होडल जिला पलवल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त गाड़ी और एक देसी कट्टा भी बरामद किया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपनी पत्नी को वापस अपने साथ रखना चाहता था। लेकिन पत्नी ने तलाक का केस दायर कर रखा था और आरोपी के साथ रहने से इंकार कर दिया था। इसी झुंझलाहट में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर हथियार के बल पर उसका अपहरण कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
Views: 76
