रांची। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की रांची स्थित एंटी करप्शन ब्रांच (एसीबी) ने मंगलवार को रामगढ़ जिले के गिद्दी इलाके में कोयला परिवहन में अवैध वसूली के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान सीबीआई ने सात लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों पर कोयला कारोबारियों और ट्रांसपोर्टरों से कमीशन के नाम पर जबरन वसूली करने का आरोप है।
एसीबी ने इस मामले में आरसी 9 (ए)/2025-आर के तहत केस दर्ज किया था। जांच के दौरान सीबीआई की टीम ने गिद्दी एरिया में कई बार छापेमारी कर सबूत जुटाए। इसके बाद मंगलवार को सीसीएल के तीन कर्मचारियों अनिल कुमार, दीपक कुमार और नरेश कुमार को गिरफ्तार किया गया। इन पर कोयला कारोबारियों से लेन-देन की प्रक्रिया में अनियमित वसूली करने का आरोप है।
इसी प्रकरण में चार अन्य व्यक्तियों मो. सद्दाम, इसराइल अंसारी, मो. तबारक और अरुण लाल को भी गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि ये सभी कथित तौर पर कोयला लिफ्टर और दलाल के रूप में सक्रिय थे और कोयले की रोड सेल प्रक्रिया में ट्रक पास कराने तथा कोयला उठाने की अनुमति दिलाने के बदले नाजायज रकम वसूलते थे।
सीबीआई सूत्रों के अनुसार, लंबे समय से गिद्दी एरिया में कारोबारियों और ट्रांसपोर्टरों से कमीशन वसूली का खेल चल रहा था। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने निगरानी शुरू की और कई दिनों तक क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखी। जांच में सामने आया कि आरोपी संगठित गिरोह की तरह काम कर रहे थे और दबाव बनाकर वसूली कर रहे थे।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की आगे की जांच जारी है और सीबीआई इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
Views: 94
