बिहार की राजधानी पटना में पुलिस ने अवैध हथियार कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन ‘जखीरा’ के तहत बिहटा और पालीगंज इलाके में छापेमारी कर पुलिस ने हथियारों और नशीले पदार्थों का जखीरा बरामद किया है। इस दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
सिटी एसपी (वेस्ट) भानुप्रताप सिंह के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने आईआईटी थाना (अमहारा), बिहटा और पियरपुरा थाना (पालीगंज) क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ असामाजिक तत्व अवैध हथियार और कारतूस छिपाकर रखे हुए हैं। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आईआईटी थाना क्षेत्र से एक देशी कट्टा, जबकि पालीगंज के पियरपुरा क्षेत्र से एक और देशी कट्टा, एक थर्नेट, बड़ी मात्रा में जिंदा कारतूस, खोखे और 900 ग्राम गांजा जब्त किया।
सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में
दौलतपुर निवासी राजेश्वर भगत (पिता कलेश्वर भगत),
बसंत बिगहा गांव निवासी रणधीर कुमार (पिता कृष्णनंदन यादव),
और चंदन कुमार (पिता सुरेन्द्र यादव) शामिल हैं।
पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, यह भी जांच की जा रही है कि इन हथियारों और नशीले पदार्थों की सप्लाई कहां की जा रही थी और इनके पीछे कौन सा नेटवर्क सक्रिय है।
प्रशासन का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि पटना जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।
Views: 106
