“नकल के लिए भी अकल चाहिए” — तेजस्वी के आरोप पर बीजेपी-आरजेडी में तेज हुई सियासी जंग

“नकल के लिए भी अकल चाहिए” — तेजस्वी के आरोप पर बीजेपी-आरजेडी में तेज हुई सियासी जंग

पटना। बिहार की सियासत में एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। आरजेडी नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा कर नीतीश कुमार सरकार पर “आइडिया चोरी” का आरोप लगाया। तेजस्वी ने लिखा, “सरकार हमारे आइडियाज चुरा रही है, लेकिन विज़न कहां से लाएगी। चुनाव को देखते हुए ताबड़तोड़ घोषणाएं की जा रही हैं।”

तेजस्वी के इस बयान पर सत्तारूढ़ जेडीयू-बीजेपी ने पलटवार किया, तो वहीं कांग्रेस और आरजेडी ने उनका समर्थन करते हुए नीतीश सरकार पर हमला बोला।

बीजेपी का पलटवार
बीजेपी प्रवक्ता अजय आलोक ने तीखे अंदाज में जवाब देते हुए कहा, “नौवीं फेल तेजस्वी और उनके पिता का आइडिया उन्हीं को मुबारक हो। हमारी सरकार युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की सेवा करना चाहती है।”

कांग्रेस-आरजेडी का तीखा हमला
बिहार कांग्रेस प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने एनडीए सरकार पर बड़े घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा, “₹71,000 करोड़ एक बार में भाजपा-जेडीयू के लोग हड़प गए, किसी को खबर तक नहीं हुई। जनता के लिए विकास का काम करने की समझ इनके पास नहीं बची। आज ये हमारे आइडियाज चुरा-चुरा के घोषणाएं कर रहे हैं।”

कलची सरकार दूरदर्शी सोच कहां से लाएगी?

आरजेडी प्रवक्ता मृत्युंज तिवारी ने भी नीतीश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “नेता विरोधी दल तेजस्वी यादव जी ने ठीक ही कहा है। ये नकलची सरकार दूरदर्शी सोच कहां से लाएगी? नकल के लिए भी अकल चाहिए। ये भ्रष्टाचार और अपराध में डूबी सरकार की विदाई का समय है।”

राजनीतिक पंडितों का मानना है कि विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही बिहार में ऐसे आरोप-प्रत्यारोप और तेज होंगे, और सोशल मीडिया पर नेताओं के बयान सियासी बहस का केंद्र बने रहेंगे।

Views: 431

TOTAL VISITOR: 50369473