फुटबॉल मैच देखकर लौटा, तानों से बौखलाया दामाद; पत्नी और नानी सास की कर दी बेरहमी से हत्या

फुटबॉल मैच देखकर लौटा, तानों से बौखलाया दामाद; पत्नी और नानी सास की कर दी बेरहमी से हत्या

दुमका (झारखंड), 23 सितम्बर — झारखंड के दुमका जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के आमचूंआ गांव में एक 70 वर्षीय महिला और उसकी 19 वर्षीय नातिन की निर्मम हत्या का खुलासा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि दोनों की हत्या किसी बाहरी शख्स ने नहीं, बल्कि परिवार के ही सदस्य और घर जमाई दामाद राजू सोरेन ने की थी।

दुमका के पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खैरवार ने सोमवार को मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि यह दोहरा हत्याकांड 19 सितम्बर की रात को हुआ, जब आरोपी राजू सोरेन ने अपनी पत्नी सोना मुर्मू और उसकी नानी सोना बास्की की लाठी-डंडे से पीट-पीट कर हत्या कर दी।

तानों और अपमान से तंग था आरोपी

राजू सोरेन करीब डेढ़ साल पहले सोना मुर्मू से विवाह के बाद से ही आमचूंआ गांव में घर जमाई बनकर रह रहा था। उसकी पत्नी अक्सर उसे ताने मारती थी और अपमानित करती थी। पुलिस के अनुसार, घटना की रात वह फुटबॉल मैच देखकर लौटा था, तभी पत्नी से उसकी बहस हो गई। गुस्से में आकर उसने पहले पत्नी पर हमला किया, जिससे वह गिर पड़ी। तभी उसकी नानी सास ने यह सब देख लिया, जिसके बाद राजू ने साक्ष्य मिटाने की नीयत से उनकी भी हत्या कर दी।

परिजनों को गुमराह करने की कोशिश

हत्या के बाद राजू ने खुद ही परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी, ताकि खुद को निर्दोष साबित कर सके और संदेह से बच सके। लेकिन पुलिस की शुरुआती पूछताछ में ही उसके बयान विरोधाभासी और संदेहास्पद पाए गए। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध कबूल कर लिया।

जांच टीम ने किया त्वरित खुलासा

एसपी खैरवार ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार महतो के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने राजू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की और जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया।

परिवारिक पृष्ठभूमि भी बनी कारण

पुलिस के अनुसार, वृद्धा सोना बास्की की कोई संतान नहीं थी, इसलिए उसने अपनी बेटी और दामाद को अपने घर में रख लिया था। बाद में बेटी-दामाद की भी एक ही संतान (सोना मुर्मू) थी, जिसकी शादी राजू सोरेन से हुई। दंपती की छह माह की एक बेटी भी है। लेकिन घर जमाई होने के बावजूद राजू को सम्मान नहीं मिल रहा था, जिससे वह लंबे समय से खिन्न चल रहा था।

फिलहाल, आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस हत्याकांड ने न केवल आमचूंआ गांव बल्कि पूरे जिले में सनसनी फैला दी है।

Views: 217

TOTAL VISITOR: 50368571