बीमारी और पढ़ाई का बहाना बनाकर महिला ने युवक से ठगे 1.45 करोड़ रुपये

बीमारी और पढ़ाई का बहाना बनाकर महिला ने युवक से ठगे 1.45 करोड़ रुपये

झारखंड की राजधानी रांची से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती ने एक युवक की जिंदगी बदल दी। आरोप है कि अरगोड़ा थाना क्षेत्र के संदीप पाटिल नामक व्यक्ति से सपना सोना नामक महिला ने 1.45 करोड़ रुपये की ठगी कर ली।

सोशल मीडिया से रिश्तों तक

पुलिस के अनुसार, संदीप पाटिल की मुलाकात सपना सोना से साल 2022 में हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और सपना संदीप के परिवार से भी घुल-मिल गई। इसी दौरान उसने उन्हें अपने जाल में फंसा लिया और पैसों की मांग शुरू कर दी।

बीमारी और पढ़ाई का बहाना

सपना ने संदीप से शुरुआत में अपनी मां के इलाज और भाई की पढ़ाई का हवाला देकर रकम मांगी। इसके बाद उसने ब्लैकमेलिंग का सहारा लिया। संदीप का आरोप है कि महिला ने उनके परिवार को शारीरिक संबंध बनाने की झूठी जानकारी देने की धमकी दी।

महंगी चीजों पर उड़ाए लाखों

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि महिला ने अलग-अलग बहानों से करीब 75 लाख रुपये महंगी घड़ियां, हीरे और सोने के गहने खरीदने के लिए खर्च कराए। इतना ही नहीं, उसने संदीप की दो लग्जरी एसयूवी गाड़ियां भी अपने कब्जे में कर लीं।

कुल नुकसान 1.45 करोड़ रुपये

संदीप ने आरोप लगाया कि महिला ने तीन सालों में कुल 1.45 करोड़ रुपये नकद और अन्य कीमती सामान ठग लिए। बाद में पता चला कि सपना का संबंध पहले से ही एक अन्य युवक, जगजीत सिंह, से भी है और उससे शादी का वादा कर रखा है।

पुलिस जांच में जुटी

फिलहाल, अरगोड़ा थाना पुलिस ने संदीप पाटिल की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।

Views: 302

TOTAL VISITOR: 50368823