धनबाद (झारखंड): जिले के बाघमारा प्रखंड अंतर्गत कतरास बीसीसीएल एरिया-4 के रामकनाली में शुक्रवार को एक भीषण हादसा हुआ। मां अंबे आउटसोर्सिंग कंपनी की वैन अचानक भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की चपेट में आकर करीब 400 फीट गहरी कोयला खदान में जा गिरी। वैन में 6 से 8 मजदूर सवार थे। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। सभी मजदूरों की मौत की आशंका जताई जा रही है।
कैसे हुआ हादसा?
बताया जा रहा है कि मां अंबे कंपनी की ओर से रोज़ की तरह वैन से मजदूरों को खदान क्षेत्र तक ले जाया जा रहा था। तभी खदान के रास्ते में अचानक भूधसान हो गया और वैन गहरी खाई में समा गई। कुछ मजदूर मलबे में दब गए, जिनकी तस्वीरें भी सामने आई हैं। हादसे के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, सर्विस वैन निकाली गई बाहर
घटना की सूचना मिलते ही बीसीसीएल और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। रेस्क्यू ऑपरेशन युद्ध स्तर पर शुरू किया गया। एक पेलोडर मशीन की मदद से खाई में गिरी वैन को बाहर निकाल लिया गया है, लेकिन लापता मजदूरों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीजीएमएस (खनन सुरक्षा महानिदेशालय) की टीम भी मौके पर पहुंची है। वहीं मुनिडीह से 6 सदस्यीय गोताखोरों की टीम भी रेस्क्यू में जुटी हुई है। सांसद ढुल्लू महतो भी घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायज़ा लिया।
अवैध उत्खनन का आरोप, जांच में जुटा प्रशासन
स्थानीय लोगों का दावा है कि हादसे के समय खदान क्षेत्र में अवैध कोयला उत्खनन हो रहा था, जिसमें कई मजदूर लगे हुए थे। उनका कहना है कि यह हादसा अवैध खनन के चलते हुआ, और कई लोग उसमें फंस गए। हालांकि, अभी तक इस दावे की सरकारी पुष्टि नहीं हुई है।
अब तक का अपडेट:
- हादसा: खदान मार्ग में भूस्खलन, वैन 400 फीट नीचे गिरी
- सवार: वैन में 6-8 मजदूर
- स्थिति: सभी की मौत की आशंका
- रेस्क्यू: वैन निकाली गई, मजदूरों की तलाश जारी
- जांच: DGMS और बीसीसीएल की टीमें मौके पर
- संदेह: अवैध खनन की संभावना, पुष्टि नहींm
Views: 344
