गढ़वा जिले में एक प्रेम प्रसंग ने खौफनाक मोड़ ले लिया। 26 वर्षीय युवक ने अपनी शादीशुदा प्रेमिका की चाकू से हत्या कर दी और फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
शादीशुदा लड़की से था प्रेम
पुलिस के अनुसार, चैनपुर के सेमरटांड़ गांव निवासी सुमित कुमार का 24 वर्षीय ज्योति कुमारी से प्रेम संबंध था। ज्योति पहले से शादीशुदा थी। वहीं हाल ही में सुमित की शादी तय हो गई थी। जब ज्योति को इसकी जानकारी मिली, तो उसने सुमित को मिलने के लिए बुलाया।
झगड़े के बाद वारदात
गढ़वा थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि दोनों शनिवार को बनपुरवा गांव के पास एक सुनसान जगह पर मिले। इस दौरान उनके बीच विवाद हुआ और सुमित ने ज्योति पर चाकू से तीन बार वार किया। इसके बाद उसने खुद को गोली मार ली। पुलिस ने दोनों के शव गढ़वा-शाहपुर रोड पर परसाहा मोड़ के पास बरामद किए।
पति से भी होता था विवाद
ज्योति कुमारी पलामू जिले के पनकी थाना क्षेत्र के सागालिम गांव की रहने वाली थी। उसके पति को भी इस प्रेम संबंध की जानकारी थी। इसी कारण पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे। दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में कई बार शिकायत भी दर्ज कराई थी।
हथियार बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से अपराध में इस्तेमाल पिस्तौल और चाकू बरामद कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
Views: 195
